शाहजहांपुर। मठिया कालोनी में स्थित खाली पड़े मकान में जुआ खेलने का विरोध करने पर कुछ लोगों ने मां-बेटे को पीटा और दुकान में घुसकर जमकर तोड़फोड़ की गई। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
थाना रोजा क्षेत्र के मठिया कालोनी निवासी अमनपाल की कपड़े की दुकान है। दुकान के पीछे खंडहर नुमा मकान है। अमन का आरोप है कि इसमें कॉलोनी का रहने वाला मोहित अपने साथियों के साथ जुआ खेल रहा था। आरोपी आए दिन उस खाली मकान में जुआ खेलते हैं। इसका वह विरोध करता है। मंगलवार की शाम अमनपाल ने मोहित को जुआ खेलने से मना किया। इसके बाद दोनों के बीच कहासुनी होने लगी। कुछ देर बाद लगभग छह बजे मोहित अपने तीन साथियों मनोज, पवन और आदेश के साथ लाठी-डंडे लेेकर अमन की दुकान में घुसकर तोड़फोड़ करने लगा। विरोध करने पर आरोपियों ने दुकानदार अमन पर हमला कर घायल कर दिया। बचाने आई मां उषादेवी को भी पीटकर घायल कर दिया। लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों घायलों को थाने लेकर आई। जहां तहरीर लेने के बाद दोनों को मेडिकल परीक्षण के लिए भेज दिया। सीओ सदर अरविंद कुमार ने बताया कि पुलिस ने तहरीर के आधार पर मोहित समेत चार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।