शाहजहांपुर। विधानसभा चुनाव के तहत बृहस्पतिवार को होने वाली मतगणना की तैयारी हो चुकी है। रोजा मंडी स्थित केंद्रीय भंडारण निगम के गोदामों में बनाए गए मतगणना केंद्र की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए बाहर करीब 200 मीटर की परिधि में बल्लियों से बेरिकेडिंग की गई है। उधर जाने वाले मंडी के सभी रास्ते जन सामान्य के लिए बंद कर दिए गए। देर शाम डीएम उमेश प्रताप सिंह और एसपी एस आनंद ने अधिकारियों के साथ मंडी जाकर जरूरी तैयारियां और सुरक्षा व्यवस्था परखी।
मंडी गेट के ठीक सामने हाईवे के किनारे खोखा-पटरी दुकानदारों का सामान पहले ही हटाया जा चुका है। इस बीच, वोटों की गिनती के बाद ईवीएम रखने के लिए ट्रकों से लगभग 500 बॉक्स मंगलवार शाम वहां बनाए गए स्ट्रांग रूम के पास पहुंचा दिए गए।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी/एडीएम प्रशासन रामसेवक द्विवेदी ने बताया कि मतगणना के दिन अधिकारियों और कर्मचारियों के अलावा केवल प्रत्याशियों, उनके गणना अभिकर्ताओं और मीडिया कर्मियों को मंडी परिसर के अंदर जाने की इजाजत दी जाएगी, लेकिन उनके प्रवेश और वाहन पार्किंग की अलग-अलग व्यवस्था की जा रही है। मीडियाकर्मी मंडी के एक नंबर गेट से अंदर जाएंगे। उन्हें अपने वाहन गेट के पास बने किसान भवन के पास बनाई जा रही पार्किंग में खड़े करने होंगे। मंडी के दो नंबर गेट से प्रत्याशी और उनके गणना एजेंट अंदर दाखिल हो सकेंगे, जबकि तीन नंबर गेट केवल गणना कर्मचारियों के लिए रहेगा। इन सभी को अपने वाहन हाईवे के किनारे खड़े करने के बजाय निर्धारित पार्किंग स्थलों पर खड़े करने होंगे।
इनसेट
हाईवे के दूसरी ओर रोके जाएंगे प्रत्याशियों के समर्थक
मंडी परिसर में केंद्रीय भंडारण निगम के जिन गोदामों में विधानसभा क्षेत्रवार मतगणना होनी हैं, उनके मुख्य द्वार के बाहर मीडिया सेंटर बनाया गया है। एडीएम के अनुसार मीडिया सेंटर तक जाने में मीडिया कर्मचारियों को कोई असुविधा नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने बताया कि मतगणना के दौरान प्रत्याशियों के समर्थक, जो लोग रोड पर आकर भीड़ लगाते थे, उन्हें मंडी गेट के ठीक सामने सड़क के दूसरी ओर रेलवे मैदान पर खड़े होने की अनुमति दी जाएगी। मतगणना के नतीजे बताने के लिए हाईवे के किनारे से लेकर रेलवे मैदान तक लाउडस्पीकर लगाए जा रहे हैं और उनसे चक्र वार परिणाम की निरंतर घोषणा होती रहेगी।