शाहजहांपुर। प्रथम चरण के चौथे दौर में 29 जनवरी को प्रतिरक्षित स्वास्थ्य कर्मियों को दूसरी डोज शुक्रवार दी गई। इसके लिए जिले में 19 केंद्रों पर 32 टीकाकरण सत्रों का आयोजन हुआ। जहां पर स्वास्थ्य कर्मियों को टीका लगाया गया। इस दौरान 2828 स्वास्थ्य कर्मियों को दूसरी डोज लगाकर पूर्ण प्रतिरक्षित किया गया।
सीएमओ डॉ. एसपी गौतम ने बताया कि 29 जनवरी को कोविशील्ड वैक्सीन की स्वास्थ्यकर्मियों को पहली डोज से आंशिक प्रतिरक्षित किया गया था। पहली डोज के 28 दिन बाद उन्हीं स्वास्थ्यकर्मियों को पूर्ण प्रतिरक्षित करने के लिए दूसरी डोज शुक्रवार को दी गई। उन्होंने बताया कि पहली डोज लगने के बाद से अब तक किसी भी तरह की परेशानी नहीं हुई है। शरीर में कोविड-19 के प्रति एंटीबॉडी बनने तक यानी 28 दिन तक कोविड-19 प्रोटोकॉल का पालन करना चाहिए। मास्क लगाकर रखें, सैनिटाइजर का प्रयोग करें, कुछ भी छूने के बाद हाथ को 20 सेकंड तक साबुन से धोएं, छह गज की शारीरिक दूरी बनाकर रखें।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. लक्ष्मण सिंह ने बताया कि शुक्रवार को जनपद में 3202 स्वास्थ्य कर्मचारियों को कोविड-19 वैक्सीन की दूसरी डोज लगाने का लक्ष्य रखा गया था। टीकाकरण के लिए 19 केंद्रों पर 32 टीकाकरण सत्र आयोजित किए गए। जिसमें सरकारी और निजी अस्पतालों में टीकाकरण सत्र पर वैक्सीनेशन हुआ। सरकारी एवं गैर सरकारी अस्पतालों में शुक्रवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भावलखेड़ा, बंडा, ददरौल, कलान, सिंधौली, निगोही, जैतीपुर, जलालाबाद, कांट, कटरा, खुटार, मिर्जापुर, पुवायां, तिलहर, शहरी स्वास्थ्य केंद्र जलीकोठी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय, सत्यानन्द हॉस्पिटल, वरुण अर्जुन मेडिकल कालेज, सहित जनपद में 19 केंद्र पर 32 टीकाकरण सत्र आयोजित किए गए। सभी सत्रों पर 3202 स्वास्थ्यकर्मियों को दूसरी डोज लगाकर पूर्ण प्रतिरक्षण करने का लक्ष्य तय किया गया था। जिसके सापेक्ष 2828 स्वास्थ्यकर्मियों को दूसरी डोज लगाकर पूर्ण प्रतिरक्षित किया गया।