शाहजहांपुर में मंगलवार को विद्युत निगम के अधीक्षण अभियंता कार्यालय परिसर में प्रदर्शन कर धरना द
- फोटो : SHAHJAHANPUR
शाहजहांपुर। प्रत्येक माह की सात तारीख तक वेतन भुगतान, ड्यूटी के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने आदि मांगों को लेकर विद्युत निगम के संविदा कर्मचारियों ने मंगलवार को विभाग के सर्किल ऑफिस (वृत्तीय कार्यालय) परिसर में प्रदर्शन कर बेमियादी धरना शुरू कर दिया। विद्युत संविदा मजदूर संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि मांगें पूरी होने तक धरना जारी रहेगा।
इन्हीं मांगों को लेकर संविदा बिजली कर्मचारी होली से पहले भी कई बार धरना-प्रदर्शन कर चुके हैं। बाद में उन्होंने कार्य बहिष्कार भी किया, लेकिन त्योहार नजदीक आने पर आंदोलन स्थगित कर दिया था। तब से मांगें यथावत रहने और उन पर कोई प्रगति नहीं होने पर संविदा कर्मचारियों का धैर्य जवाब दे गया। सभा को संबोधित करते हुए संगठन के मंडल अध्यक्ष अशोक कुमार पाल ने कहा कि जमीनी स्तर की जो समस्याएं एक माह में हल होनी चाहिए, वह डेढ़ साल से लंबित हैं।
जिलाध्यक्ष मुनीश पाल ने ईद को देखते अप्रैल माह का वेतन एक मई तक देने की मांग करते हुए कहा कि अधिकारियों ने मांगों पर ध्यान नहीं दिया तो कर्मचारी आंदोलन तेज करने को मजबूर होंगे। ऐसी स्थिति में बिजली आपूर्ति व्यवस्था प्रभावित होने पर संबंधित अधिकारी जवाबदेह होंगे। इस दौरान संगठन की मध्यांचल इकाई के अध्यक्ष नवल किशोर सक्सेना, अशोक सक्सेना, अरविंद कुमार, शकील अहमद, मोहम्मद उस्मान आदि मौजूद रहे।