मीरानपुर कटरा। तहसीलदार दीपेंद्र कुमार ने शनिवार को थाना परिसर में आयोजित समाधान दिवस में प्राप्त एक शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए खुदागंज मार्ग पर पाक नागरिक की कस्टोडियन श्रेणी (शत्रु संपत्ति) की जमीन पर हो रहे निर्माण कार्य को तत्काल प्रभाव से रुकवा दिया। इसके साथ ही उन्होंने कानूनगो नारायण दास और क्षेत्रीय लेखपाल अनुराग को जांच सौंपकर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए।
समाधान दिवस में जन सुनवाई के दौरान खुदागंज मार्ग के किनारे मोहल्ला कायस्थान के रहने वाले कुछ लोगों ने तहसीलदार से शिकायत की थी कि मार्ग के किनारे एक पाक नागरिक की कस्टोडियन की जमीन है। इस जमीन पर कुछ लोगों ने अवैध रूप से निर्माण कराना शुरू कर दिया है और विरोध करने पर झगड़ा करने पर आमादा हो रहे हैं।
इस पर तहसीलदार ने पुलिस टीम के साथ कानूनगो और लेखपाल को तत्काल मौके पर भेजकर निर्माण कार्य रुकवा दिया। तहसीलदार ने कानूनगो को संयुक्त जांच रिपोर्ट जल्द देने के साथ यह सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए कि इस जमीन पर दोबारा निर्माण शुरू नहीं हो।
समाधान दिवस मे जमीन विवाद के अन्य कई मामले भी आए। फर्रुखाबाद से आए बाल करन ने प्रार्थना पत्र देकर बताया कि कस्बे के मोहल्ला कायस्थान में उनके मकान की दीवार को तोड़कर कुछ लोगों ने अवैध रूप से कब्जा कर लिया है। रमापुर दक्षिणी गांव के नरवीर ने गांव के कुछ लोगों पर घर की जल निकास को नाली बंद करके जमीन पर अवैध रूप से कब्जा कर लेने की शिकायत की।
ईश्वरा गांव के मनोज कुमार, संजय कुमार, प्रकाश चंद्र, कमलेश कुमार, मुरारी आदि ने गांव के खेती की जमीन पर किया गया अवैध कब्जा हटवाने की गुहार लगाई। तहसीलदार ने सभी मामलों का निस्तारण करने के लिए संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को दिशा निर्देश दिए।
000
कस्टोडियन की जमीन सरकार के अधीन होती है और प्रशासन की अनुमति के बगैर ऐसी जमीन पर कोई भी निर्माण कार्य वर्जित है। इसीलिए खुदागंज मार्ग पर कस्टोडियन की जमीन पर कब्जे की शिकायत को गंभीरता से लेकर तत्काल कार्रवाई की गई है।
-दीपेंद्र कुमार, तहसीलदार, तिलहर