तिलहर। सहवेगपुर गांव में बृहस्पतिवार की शाम घर से बुलाकर ले जाए गए सुरेंद्र की पीट-पीटकर हत्या कर दिए जाने के मामले में एसपी ने नगरिया पुलिस चौकी पर तैनात सिपाही विजय प्रताप को लापरवाही और आरोपियों से मिलीभगत के आरोप में बुधवार को निलंबित कर दिया। साथ ही सुरेंद्र के घरवालों को शेष सभी आरोपी जल्द गिरफ्तार कराने का भरोसा दिया।
इस मामले में सुरेंद्र के भाई सोनपाल की तहरीर के आधार पर पुलिस ने ग्राम प्रधान अवंती के पति सुरेंद्र कुमार के अलावा सुखदेव, वासुदेव, सतीश, अमित, दिलीप, बीपी और गोविंद के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज की थी। पुलिस आरोपी सुखदेव, वासुदेव और गोविंद को रविवार को गिरफ्तार कर न्यायालय के जरिये जेल भेज चुकी है।
शेष आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सोनपाल मंगलवार को गांव वालों के साथ एसपी से मिले। इस दौरान सोनपाल ने नगरिया चौकी के सिपाही विजय प्रताप पर आरोपियों से मिलीभगत और लापरवाही करने का आरोप लगाते हुए उसके खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की। उनके आरोपों को गंभीरता से लेते हुए एसपी ने आरोपी सिपाही को निलंबित कर दिया।
सिपाही के खिलाफ पहले से जांच चल रही थी। उन्होंने परिजनों को निष्पक्ष जांच कराकर शेष आरोपी जल्द गिरफ्तार कराने का भरोसा दिया। एसपी सौरभ दीक्षित ने सिपाही के निलंबन की पुष्टि की है।