शाहजहांपुर। नगर निगम के निर्माण विभाग में फर्जी अनुभव प्रमाणपत्र लगाकर करोड़ों रुपये के निर्माण कार्यों के टेंडर हासिल करने के मामले में नगर आयुक्त सौम्या गुरुरानी ने फर्म के प्रोपराइटर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के आदेश दिए हैं। नगर निगम की ओर से थाना सदर बाजार में तहरीर दी गई है।
नगर निगम निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता आशीष त्रिवेदी ने बताया कि करीब चार साल से फर्म का ठेकेदार फर्जी अनुभव प्रमाणपत्र लगाकर निर्माण कार्यों के टेंडर हासिल कर रहा था। शिकायत मिलने पर नगर आयुक्त सौम्या गुरुरानी ने सहायक आयुक्त तरुण प्रताप सिंह से मामले की जांच कराई।
जांच में फर्जी अनुभव प्रमाणपत्र लगाए जाने के तथ्य सही पाए गए। नगर निगम की ओर से फर्म को अब तक करीब तीन करोड़ 59 लाख रुपये के निर्माण कार्य दिए गए हैं। इनमें सीसी सड़क और आरसीसी नाले बनाने समेत अन्य कार्य शामिल हैं। वर्तमान में भी संबंधित फर्म के करीब एक करोड़ रुपये के दो निर्माण कार्य चल रहे हैं। सीओ सिटी देवव्रत वाजपेयी ने बताया कि तहरीर के आधार पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
फर्म ने फर्जी अनुभव प्रमाणपत्र लगाकर नगर निगम से निर्माण कार्यों का टेंडर हासिल किया था। इस मामले की जांच के बाद पूरी स्थिति स्पष्ट हो गई है। संबंधित फर्म के प्रोपराइटर के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी। फर्म को ब्लैकलिस्ट भी किया जाएगा।
- सौम्या गुरुरानी, नगर आयुक्त