शाहजहांपुर। मादक पदार्थ तस्करी के आरोपों में घिरे परिवहन निगम में संविदा चालक मोर सिंह का गढि़या रंगीन आरोग्य मंदिर से जारी चिकित्सीय प्रमाणपत्र फर्जी पाए जाने के बाद मुख्य चिकित्सा अधीक्षक जांच कराएंगे। मेडिकल कॉलेज में उसकी आंखों समेत अन्य जांच होंगी। इसके लिए सीएमओ ने सीएमएस से पत्राचार किया है।
परिवहन निगम में संविदा चालक मोर सिंह के खिलाफ हरियाणा में मादक पदार्थों की तस्करी के आरोप में कार्रवाई किए जाने की बात सामने आई थी। चालक ने चिकित्सीय प्रमाणपत्र देकर फिर से कार्य शुरू कर दिया था। डीएम से शिकायत के बाद पूरे मामले की जांच वरिष्ठ केंद्र प्रभारी सुशील त्रिवेदी कर रहे हैं।
एआरएम ने उन्हें जांच कर आठ दिन में रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। मंगलवार को जांच रिपोर्ट उपलब्ध कराने का अंतिम दिन है। चालक मोर सिंह ने गढि़या रंगीन के आरोग्य मंदिर के पर्चे पर चिकित्सीय प्रमाणपत्र अफसराें को उपलब्ध कराया। जांच के दौरान आरोग्य मंदिर के डॉ. यूसुफ ने अपनी लिखावट होने से इन्कार करते हुए लिखित में पत्र दिया है। एआरएम अरुण कुमार ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग से रिपोर्ट आने के बाद चालक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। संवाद