शाहजहांपुर। पाइप लाइन डालने के नाम पर शहर की सड़क को खोदकर डालने की खबर का प्रदेश सरकार के वित्त एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने संज्ञान लिया है। उन्होंने लापरवाही बरतने वाले ठेकेदार पर सड़क ठीक न करने पर एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश जल निगम के अधिकारियों को दिए हैं।
अमर उजाला में बुधवार को शहर के केरूगंज बाजार और फ्रेंडस कॉलोनी में पाइप लाइन डालने के बाद सड़कें खुदी छोड़ने की खबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया गया था। खबर प्रकाशित होने पर नगर विधायक व प्रदेश सरकार के वित्त एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने इसका संज्ञान ले लिया और तुरंत ही जल निगम के अधिकारियों व ठेकेदारों को आड़े हाथ लिया है। मंत्री ने जल निगम के एक्सईएन सुनील कुमार यादव को निर्देशित किया है कि पाइप लाइन डाले जाने के बाद सड़कों को उसी तरह से ठीक करवाया जाए, जिस तरह वह सड़क खोदे जाने से पहले थी। उन्होंने कहा कि इसमें किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ठेकेदार द्वारा पाइप लाइन डाले के बाद सड़क को तत्काल ठीक नहीं किया जा रहा है तो उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। इसके लिए सुरेश खन्ना ने 30 अक्तूबर तक का समय दिया है।