शाहजहांपुर में मंगलवार को कलक्ट्रेट में प्रदर्शन करते इंद्रानगर कॉलोनी के लोग । संवाद
- फोटो : SHAHJAHANPUR
शाहजहांपुर। शहर की इंदिरानगर कालोनी को लोधीपुर में खन्नौत पुल से जोड़ने वाला रास्ता कच्चा होने के कारण बारिश में जलभराव हो जाता है। इसकी वजह से कॉलोनी वाले बेहद परेशान हैं। अधिकारियों से शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ तो मंगलवार को कॉलोनी वालों ने कलक्ट्रेट जाकर प्रदर्शन किया।
इंदिरानगर कालोनी निवासी अभिषेक राठौर, सुधीर कुमार, दीनदयाल गुप्ता, मायादेवी, विजय कुमार आदि ने बताया कि उनके मकान कच्चे रास्ते पर होने के कारण बारिश में बाहर निकलना कठिन हो जाता है। इसकी वजह यह कि कुछ देर बारिश होने पर ही रास्ते पर घंटों जलभराव रहता है। पानी निकलने के बाद कई दिन तक कीचड़ रहती है। इससे घर से निकलना कठिन हो जाता है। इस रास्ते को पक्का बनाने के लिए एक बार निर्माण कार्य शुरू किया गया, लेकिन रोड के कुछ हिस्से की खोदाई करने के बाद काम रोक दिया गया।
सिटी मजिस्ट्रेट से मिले कालोनी वालों ने कच्चे रास्ते को पातीराम के मकान से मुख्य मार्ग तक पक्का कराए जाने का काम जल्द शुरू कराने की मांग की। दो दिन के अंदर सड़क निर्माण कार्य शुरू न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी। प्रदर्शन करने वालों मेें राकेश कुमार, पुत्तू लाल, हरे राम, अनुज कुमार, प्रियंका, सुंदर लाल, साबरी, राजाराम, विवेक कुमार, कालीचरण आदि शामिल रहे।