शाहजहांपुर। शहर में अमृत योजना के तहत 49 करोड़ रुपये की लागत से छह ओवरहेड टैंकों का निर्माण किया जा रहा है। इनमें तीन ओवरहेड टैंक बनकर तैयार हैं। उनसे जलापूर्ति के लिए शहर में पाइप लाइन डालने का काम चल रहा है। यह कार्य दिसंबर से पहले पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद इनसे क्षेत्रवासियों को जलापूर्ति होने लगेगी।
शहर में पीने के पानी की कोई समस्या पैदा न हो इसके लिए नगर निगम के जलकल विभाग द्वारा जलापूर्ति से संबंधित समस्याओं का समाधान कराया जाता है। नगर निगम बनने के बाद शहर का विस्तार होने पर नए ओवरहेड टैंक का निर्माण जल निगम से करवाया जा रहा है। जनवरी 2018 में छह ओवरहेड टैंक बनाए जाने की मंजूरी मिली थी। शासन से धनराशि जारी होते ही इस पर काम शुरू करवा दिया गया था। जल निगम ने शहर के मोहल्ला ख्वाजा फिरोज, फत्तेपुर रेत, सरायकाइयां, अहमदपुर इलाके के लोगों के लिए 17.06 करोड़ रुपये की लागत से आठ ए जोन में नौ किलोलीटर व आठ बी जोन में 2400 किलोलीटर की टंकी बनाई है। चार ट्यूबवेल व 48 किलोमीटर पाइप लाइन भी डालने का काम किया जा रहा। इसी के साथ ही चार ओवरहेड टैंक शहर के मोहल्ला जलालनगर, निसरजई, हाथीथान, दिलाजाक, तारीन जलालनगर, महमंद जलालनगर, किला, दीवान जोगराज आदि के लोगों को पानी की सप्लाई 2250, 1800, 1350, 1300 किलोलीटर के ओवरहेड टैंक बनाए जा रहे है। 32 करोड़ रूपये की लागत से इन टंकियों का निर्माण किया जा रहा। साथ ही 95 किलोमीटर की पाइप लाइन व 10 ट्यूबवेल बनाए जाएंगे।
एक्सईएन सुनील कुमार यादव ने बताया कि शहर में निर्माणाधीन छह में से तीन ओवरहेड टैंक का निर्माण कार्य लगभग पूरा हो गया है। वर्तमान में जलापूर्ति के लिए पाइप लाइन डालने का काम चल रहा है। गर्रा पुल, रेती और गढ़ी गाड़ीपुरा में बने ओवरहेड टैंक से दिसंबर से पहले जलापूर्ति शुरू हो जाएगी। अन्य ओवरहेड टैंक पर काम भी चल रहा है।