शाहजहांपुर। प्रशासन का अतिक्रमण हटाओ अभियान लगातार दूसरे दिन भी जारी रहा। बुधवार को अजीजगंज पुलिस चौकी से तिलहर की ओर जाने वाले मार्ग पर अतिक्रमण हटाया गया। हालांकि प्रशासन की चेतावनी के मद्देनजर बहुत से लोगों ने अपने ठेले व खोखे हटा लिए थे। जिनके रह गए थे, उन्हें जेसीबी के जरिये हटवाकर सामान जब्त कर लिया गया।
बुधवार को सुबह दस बजे ही सिटी मजिस्ट्रेट वनीता सिंह, एसडीएम सदर वेद सिंह चौहान नगर निगम पीडब्ल्यूडी के अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ बरेली मोड़ चौराहे आ गए। प्रशासन की टीम को देखकर अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया। दुकानदार सिटी मजिस्ट्रेट से हाथ जोड़कर दुकानें ना हटाने की गुहार करने लगे, लेकिन प्रशासन ने स्पष्ट तौर मना कर दिया और जेसीबी से खोखे एवं दुकानें हटाई जाने लगीं। इस दौरान कुछ दुकानदारों से पुलिसकर्मियों की नोकझोंक भी हो गई। प्रशासन ने जेसीबी के जरिये चौराहे से आवास एवं विकास परिषद के गेट संख्या दो तक रोड के दोनों ओर अतिक्रमण हटवाकर सामान जब्त कर लिया गया। दोपहर दो बजे तक अभियान चला। इसके बाद नगर निगम एवं पीडब्ल्यूडी के टीम ने बरेली मोड़ चौराहे से मोहल्ला अजीजगंज तक रोड के बीच से दोनों ओर 21 मीटर जगह नाप कर निशान लगाएं और अतिक्रमणकारियों को स्वयं हट जाने की चेतावनी दी।
प्रशासन के द्वारा अतिक्रमण हटाए जाने की चेतावनी मंगलवार को ही दे दी गई थी। इसी के चलते दुकानदारों ने रात में ही टीनशेडनुमा दुकानों को खाली कर दिया था। बुधवार को सुबह प्रशासन की टीम को देखकर दुकानदारों ने हाइड्रा मशीन बुलवाकर अपने-अपने खोखे उठवा लिए।
बरेली मोड़ चौराहे से तिलहर की ओर जाने वाले मार्ग पर सरकारी जमीन पर अवैध रूप से खोखा एवं टीनशेड नुमा दुकानें रखवा कर उनसे किराया वसूली करने का मामला भी अभियान के दौरान सामने आया। कई रसूखदार अभियान के दौरान वहां पहुंच गए और अफसरों से अपने अपने खोखे एवं दुकानें ना हटाए जाने का अनुरोध करने लगे। प्रशासन ने उनकी एक न सुनी और सभी को एक समान रूप से हटवा दिया गया। कुछ दुकानदारों ने बताया कि उनसे दो हजार से 10 हजार रुपये महीना तक वसूले जाते थे।