पूर्व केंद्रीय गृह राज्यमंत्री चिन्मयानंद सेे फिरौती मांगने की आरोपी छात्रा और उसके तीन दोस्तों की रिमांड पेशी शनिवार 26 अक्तूबर को होगी। वहीं, दुष्कर्म के आरोपी चिन्मयानंद की रिमांड पेशी 30 अक्तूबर को है।
इससे पहले छात्रा और उसके दोस्त संजय, विक्रम, सचिन की रिमांड पेशी 14 अक्तूबर को हुई थी। वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये रिमांड पेशी पर न्यायिक मजिस्ट्रेट गीतिका सिंह ने चारों आरोपियों की न्यायिक हिरासत 14 दिन के लिए और बढ़ा दी थी। अगली पेशी की तारीख 26 अक्तूबर तय की गई थी।
सूत्रों के मुताबिक इस बार भी सुरक्षा के मद्देनजर छात्रा और उसके दोस्तों की रिमांड पेशी वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये हो सकती है। बता दें कि चिन्मयानंद से पांच करोड़ फिरौती मांगे जाने के मामले में आरोपी संजय, सचिन और विक्रम 20 सितंबर से जिला कारागार में बंद हैं।
वहीं, छात्रा 25 सितंबर से जेल में है। इधर, छात्रा से दुष्कर्म के मामले में आरोपी चिन्मयानंद की रिमांड पेशी 30 अक्तूबर को होगी। इससे पहले उनकी रिमांड पेशी 16 अक्तूबर को हुई थी। इससे पहले रिमांड पेशी शाम को वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये कराई गई थीं।