पीएचसी कुंवरगंज में मरीज देखते डॉ. अनुराग गुप्ता। संवाद
तिलहर/खुदागंज। माैसम में हो रहा बदलाव लोगाें के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर दिखा रहा है। दिन में गर्मी और रात से सुबह तक मौसम सर्द रहने से सर्दी-जुकाम और वायरल बुखार के मरीजों की संख्या में तेजी से इजाफा हो रहा है। तहसील क्षेत्र के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर रविवार को आयोजित मुख्यमंत्री आरोग्य मेलों में इन रोगों से पीड़ित तमाम लोग स्वास्थ्य की जांच कराने और दवाएं लेने पहुंचे। इस दौरान कुल 191 मरीजों का पंजीकरण किया गया। इनमें से 50 से ज्यादा मरीजों की विभिन्न जांचें की गईं और सभी को दवाएं भी सुलभ कराई गईं।
राजनपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर तैनात चिकित्सक डॉ. अभिषेक जौहरी ने करीब 60 मरीजों का परीक्षण किया। इनमें से 20 मरीजों के खून की जांच कराकर दवाएं दी गईं। उन्होंने बताया कि पिछले एक सप्ताह से सर्दी-जुकाम और बुखार के मरीजों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। इसलिए मरीजों को सलाह दी है कि वह मौसम के अनुरूप सुपाच्य और ताजा भोजन करें, रात में गर्म कपड़ों का प्रयोग करें और स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें।
रमापुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टर का पद रिक्त होने के कारण फार्मासिस्ट संजय कुमार ने करीब 60 मरीजों का परीक्षण कर उन्हें दवाएं दीं। इनमें से 20 मरीजों के खून के नमूने जांच के लिए भेजे गए।
उन्होंने बताया कि अधिकतर मरीज वायरल बुखार और कमजोरी की शिकायत लेकर पहुंचे थे। कुंवरगंज पीएचसी के प्रभारी डॉ. अनुराग गुप्ता ने 50 मरीजों का उपचार किया और उनमें से दस मरीजों की जांच भी कराई गई। उन्होंने बताया कि बदलते मौसम में बुखार और खांसी-जुकाम के अतिरिक्त पेट संबंधी रोग भी तेजी से फैल रहे हैं।
खुदागंज क्षेत्र में हसनापुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर डॉ. फहीम खां ने 21 मरीजों का परीक्षण कर उन्हें दवाएं दीं। इनमें बुखार के आठ, चर्म रोग के छह, सर्दी-खांसी के पांच और दो अन्य मरीज थे।