शाहजहांपुर के जीआईसी मैदान पर चाइनीस मांझा के विरोध में प्रदर्शन करते सामाजिक संगठन जनता की आवा?
- फोटो : SHAHJAHANPUR
शाहजहांपुर। पतंगबाजी में चाइनीज मांझे के इस्तेमाल से आए दिन उसकी चपेट में आकर लोग घायल हो रहे हैं, लेकिन इसकी बिक्री प्रतिबंधित नहीं हुई है। इसके विरोध में सामाजिक संगठन जनता की आवाज के कार्यकर्ताओं ने बृहस्पतिवार को खिरनीबाग स्थित जीआईसी मैदान के गेट पर प्रदर्शन किया। बाद में सिटी मजिस्ट्रेट राजेश कुमार को मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में कहा है कि पतंग उड़ाने वाले ज्यादातर लोग चाइनीज मांझे का इस्तेमाल कर रहे हैं। इसकी चपेट में आकर हर साल तमाम पशु-पक्षियों की मौत हो जाती है। यही नहीं, मोहल्ले और मैदानों में खेलते समय बच्चे घायल हो रहे हैं और राहगीरों के साथ आए दिन बड़े हादसे हो रहे हैं। चाइनीज मांझा सस्ता होने के कारण दुकानदार मोटी कमाई करने के लिए इसकी बिक्री कर रहे हैं।
ज्ञापन में चाइनीज मांझे की कई दुकानों के ठिकानों के उल्लेख कर वहां छापेमारी कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की गई है। इस दौरान संगठन के प्रदेश अध्यक्ष संजीव गुप्ता, जिलाध्यक्ष संकल्प अवस्थी, महिला प्रकोष्ठ की जिलाध्यक्ष सोनी गुप्ता, हर्ष अवस्थी, शिवम कश्यप, निखिल श्रीवास्तव, अजय भइया, रवि गुप्ता, तेजस अवस्थी, जितेंद्र कश्यप आदि शामिल रहे।