तिलहर थाने पर खड़ा पावर अल्कोहल से भरा टैंकर। संवाद
- फोटो : SHAHJAHANPUR
तिलहर। आबकारी विभाग की टीम ने पुलिस के साथ मंगलवार सुबह बंथरा बल्क ऑयल डिपो के बाहर पावर अल्कोहल के टैंकर से चोरी पकड़ी। इस दौरान 112 लीटर अल्कोहल, एक कार, दो मोबाइल और 19 हजार लीटर पावर अल्कोहल से भरा टैंकर बरामद कर लिया। हालांकि टैंकर चालक, तेल खरीदार और उसके सभी साथी भाग गए। मामले में तीन नामजद और पांच अज्ञात के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई है।
आबकारी निरीक्षक इंद्रजीत गर्ग ने बताया कि डालमिया डिस्टलरी, निगोही से एक टैंकर 19 हजार लीटर पावर अल्कोहल लेकर सोमवार की रात बंथरा बल्क डिपो पर आया था। यह अल्कोहल बंथरा डिपो पर उतरना था। रात के समय ही टैंकर चालक ने तेल चोरी करने वाले गिरोह के लोगों से साठगांठ करके तेल को जरीकेन में भरने लगा। इस दौरान मुखबिर की सूचना पर मंगलवार सुबह लगभग चार बजे पुलिस के साथ छापा मारा। पुलिस को देखकर टैंकर चालक और तेल खरीदने वाले गिरोह के सदस्य मौके से भाग गए। मौके पर दो जरीकेन में 50 -50 लीटर और तीसरी जरीकेन में 12 लीटर सहित कुल 112 लीटर पावर अल्कोहल चोरी किया हुआ पाया गया।
मौके से तेल निकालने वाले पाइप, दो मोबाइल, आधार कार्ड, कार सहित 19 हजार लीटर पॉवर अल्कोहल से भरा टैंकर बरामद किया गया। सीओ अरविंद कुमार ने बताया कि टैंकर मालिक नरेश सिंह निवासी गड़ियाल थाना स्वार जनपद रामपुर, वाहन चालक मतलूब, कार मालिक थाना सदर बाजार के मोहल्ला चमकनी निवासी अजय कुमार गुप्ता और पांच अज्ञात के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई है।