फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

रेती रोड पर कार ने स्कूटी में टक्कर मारी, केवी-टू के छात्र की मौत, मां और भाई घायल

विज्ञापन
विज्ञापन
शाहजहांपुर। रेती रोड पर दो बेटों को लेकर घर जा रहीं शिक्षक की पत्नी की स्कूटी को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। इस हादसे में मां संध्या के साथ स्कूटी पर सवार केवी टू के छात्र नीलांश मिश्रा (12) की मौत हो गई। जबकि संध्या का पैर टूट गया। सबसे छोटे बेटे रुद्रांश (6) को भी चोटें आई हैं।
विज्ञापन

भावलखेड़ा के प्राथमिक विद्यालय बड़ावन में सहायक अध्यापक प्रदीप मिश्रा का बड़ा बेटा नीलांश केवी टू में कक्षा छह और रुद्रांश खिरनीबाग स्थित किडजी स्कूल में सीनियर केजी में पढ़ता है। सोमवार सुबह प्रदीप दोनों बच्चों को बाइक से स्कूल छोड़कर आए थे। दोपहर में प्रदीप के स्कूल में होने के चलते उनकी पत्नी संध्या उर्फ मानू बच्चों को लेने गई थी। छुट्टी होने पर दोनों बच्चों को स्कूटी पर बैठाकर संध्या लौट रहीं थीं। दोपहर करीब पौन बजे कॉलोनी की तरफ मुड़ने के लिए एक सड़क को पार कर दूसरी लेन में अधिक वाहन आने पर संध्या ने स्कूटी को रोक लिया। प्रदीप के मुताबिक, कई तेज रफ्तार वाहनों के निकलने पर संध्या डिवाइडर के पास खड़ी हो गईं। इस बीच तेज रफ्तार कार ने डिवाइडर से सटकर निकलते हुए स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद संध्या, नीलांश और रुद्रांश सड़क पर जा गिरे। टक्कर देखकर मौके पर काफी भीड़ लग गई। तुरंत ही घायलों को राजकीय मेडिकल कॉलेज भेजा गया। वहां डॉक्टरों ने नीलांश को मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद आरसी मिशन पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
वैन नहीं आई तो मां स्कूल लेने पहुंचीं
रुद्रांश वैन से स्कूल जाता है, जबकि नीलांश को उसके माता-पिता लाते और ले जाते थे। पिता प्रदीप मिश्रा ने बताया कि वैन चालक ने सुबह एआरटीओ की सख्ती होने की बात कहते हुए मेसेज लिखकर भेजा था। तब संध्या दोनों बेटों को लेने स्कूटी से गई थी। वह बड़े बेटे नीलांश को स्कूल खुलने के बाद से लगातार स्कूटी से लेकर आती थीं। तय हुआ था कि मंगलवार से बच्चों को वैन और बस से भेजा जाएगा।
विज्ञापन

सजी हुई थी गाड़ी, हकीकत जानने को कैमरे चेक करेगी पुलिस
-घटनास्थल पर लोगों ने पुलिस को बताया कि टक्कर मारने वाली गाड़ी फूलों से सजी थी। कयास लगाए जा रहे हैं कि बरात की गाड़ी होगी। घटना के बाद पहुंचे आरसी मिशन थाना प्रभारी अमित सिंह ने पूरे मामले की जानकारी ली, साथ ही गाड़ी की तलाश के लिए नेताजी सुभाष चंद्र बोस चौराहे पर लगे सीसीटीवी कैमरे चेक कराने का आश्वासन दिया।
बिलख पड़े प्रदीप और उनका परिवार, साथियों ने सांत्वना दी
-हादसे के बाद प्रदीप का भतीजा सुभाष मिश्रा सबसे पहले राजकीय मेडिकल कॉलेज पहुंचा। उसके बाद प्रदीप, उनके छोटे भाई और परिवार के अन्य सदस्य पहुंचे तो नीलांश का शव देखकर बिलख पड़े। प्रदीप दहाड़े मारकर रोए तो उनके शिक्षक साथियों ने उन्हें सांत्वना दी।
तेज गति से दौड़ रहे वाहन, यातायात पुलिस नहीं लगा पा रही रफ्तार पर लगाम
शहरी क्षेत्र में भी यातायात पुलिस तेज गति से दौड़ रहे वाहनों पर लगाम लगाने में असफल साबित हो रही है। एक जुलाई को दोपहर करीब 12 बजे थाना सदर बाजार के रोडवेज बस अड्डे के पास केवी वन की कक्षा पांच की छात्रा प्रशंसा शर्मा की रोडवेज बस से कुचलकर मौत हो गई थी। इससे पहले तीन मार्च को रोडवेज बस अड्डे के पास ही गदियाना निवासी शिक्षिका अंजलि को बस ने कुचल दिया था, जबकि उसकी सहेली जलालनगर निवासी नाज घायल हो गई थी। शहरी क्षेत्र में वाहनों को हाईवे की तरह तेज रफ्तार में दौड़ाया जा रहा और पुलिस हाथ पर हाथ धरे बैठी है।
विज्ञापन

रेती रोड पर हादसे की सूचना मिली है। स्कूटी पर टक्कर मारने वाले वाहन की तलाश कर रही है। जल्द ही वाहन का सुराग लग जाएगा। - अखंड प्रताप सिंह, सीओ सिटी
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें