शाहजहांपुर जिले की नई बस्ती रेती के कैंसर पीड़ित आयुध वस्त्र निर्माणी (ओसीएफ) कर्मचारी कोरोना को मात देकर परिवार के साथ सकुशल घर लौट आए हैं। वह पीजीआई के एल-3 कोविड अस्पताल में भर्ती थे। उनके स्वस्थ होने और जांच रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद लखनऊ पीजीआई स्टाफ और अन्य ने तालियां बजाकर गर्मजोशी से विदा किया।
बता दें कि ओसीएफ कर्मचारी का मेदांता अस्पताल गुरुगांव में कैंसर का इलाज चल रहा था। जांच के दौरान वह कोरोना संक्रमित पाए गए थे। इसके बाद वह अपने छोटे भाई और पत्नी के साथ चार जून को शाहजहांपुर लौट आए थे और जिला अस्पताल में जाकर फिर से जांच कराई थी।
चूंकि मामला कैंसर पीड़ित का था, लिहाजा गंभीरता को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने उन्हें पीजीआई लखनऊ के लिए रेफर कर दिया था। दो दिन बाद यानी छह जून को उनके संपर्क में रहने वाले पत्नी, भाई और कार ड्राइवर की जांच भी लखनऊ में ही कराई गई, जिसमें इन तीनों की जांच रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई और तीनों को वहीं भर्ती कर लिया गया।
कैंसर पीड़ित के भाई ने बताया कि वह और भाभी (कैंसर पीड़ित की पत्नी) की रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद वह लोग 18 जून को डिस्चार्ज कर दिए गए थे, जबकि उनके भाई की जांच रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद 21 जून को डिस्चार्ज कर दिए गए।