पुवायां। बैटरी व्यापारी और उनके परिजनों से मारपीट, लूट के मामले में 24 घंटे बाद भी रिपोर्ट दर्ज नहीं हो सकी है। व्यापारी और उसकी पुत्री का मेडिकल भी 15 घंटे बाद मंगलवार सुबह कराया गया। इससे व्यापारियों में रोष है। पुवायां कस्बा निवासी मनीष सिंह और आशीष सिंह की शाहजहांपुर रोड पर साक्षी पावर सॉल्यूशन के नाम से सोलर पैनल और बैटरी की दुकान है। बैटरी खराब होने की शिकायत पर कंपनी से जांच करने आए युवक ने बैट्री खरीदने वाले से 15 सौ रुपये ले लिए थे। जानकारी होने पर मनीष ने इसकी शिकायत कंपनी में कर दी थी। कंपनी ने युवक काे हटा दिया था।
युवक पुवायां के गांव बसखेड़ा बुजुर्ग का रहने वाला है। सोमवार शाम को कंपनी से हटाए गए युवक ने 10 से 12 साथियों के साथ दुकान पर मनीष, आशीष, उनकी मां गोमती सिंह और मनीष की पुत्री समृद्धि आदि के साथ मारपीट की थी। मनीष मंगलवार को दिन में कई बार थाने भी गए, इसके बाद भी पुलिस उनको टरकाती रही। रिपोर्ट दर्ज न होने से व्यापारियों में रोष है।
थाना प्रभारी हरपाल सिंह बालियान ने बताया कि मामले में मारपीट और लूट की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। हालांकि मनीष ने रिपोर्ट दर्ज होने और रिपोर्ट की प्रति मिलने से इन्कार किया है।