खुदागंज। धीयरपुरा गांव के सुरजीत ने नगर के एक सराफा कारोबारी पर गिरवी रखे गए करीब एक किलो सोने-चांदी के जेवर हड़प लेने की पुलिस से शिकायत कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
उन्होंने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि सराफा कारोबारी से वर्ष 2014 में 750 ग्राम सोने-चांदी के जेवर गिरवी रखकर दस हजार रुपये लिए थे। कुछ दिन बाद करीब 250 ग्राम चांदी के जेवर और गिरवी रखे। गत वर्ष ली गई रकम के बदले पांच हजार रुपये ब्याज के रूप में भी जमा किए। जब वह निर्धारित राशि अदा कर अपने आभूषण छुड़ाने दुकान पर पहुंचे तो सराफा कारोबारी ने साफ शब्दों में जेवर देने से मना कर दिया।
सुरजीत का आरोप है कि सोना-चांदी की बढ़ती कीमतों को देखते हुए उनके गिरवी रखे जेवर पर आरोपी की नीयत खराब हो गई। खास यह है कि नगर में कई सराफा कारोबारी अवैध रूप से गिरवी गांठ का काम करके सूदखोरी कर रहे हैं। इसके लिए नियमानुसार साहूकारा के लाइसेंस भी नहीं बनवाए गए हैं। थाना प्रभारी सत्य प्रकाश सिंह ने बताया है कि शिकायत संज्ञान में आई है और दोनों पक्षों को बुलाकर मामले को समझौते से निपटाने का प्रयास किया जाएगा। संवाद