शाहजहांपुर के हथौड़ा बुजुर्ग गांव में प्रशासन ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई की। यहां तालाब की जमीन पर कब्जा कर बनाए गए मकान व दुकान को बुलडोजर से ध्वस्त करा दिया गया। इस कार्रवाई से लोगों में खलबली मच गई।
शाहजहांपुर के रोजा क्षेत्र के हथौड़ा बुजुर्ग गांव में तालाब की जमीन पर कब्जा कर बनाए गए मकान और दुकान को प्रशासन ने बुलडोजर से ध्वस्त करा दिया। यहां पर पहले ही बिजली कनेक्शन कटवा दिए गए थे। लोगों ने जमीनें अपनी बताते हुए प्रशासन की इस कार्रवाई का विरोध किया लेकिन प्रशासनिक अधिकारियों ने अनसुना कर दिया।
विज्ञापन
हथौड़ा बुजुर्ग गांव में ग्राम समाज का तालाब है। तालाब की जमीन पर लोगों ने कब्जा कर मकान और दुकान बनवा लीं। इस संबंध में प्रशासन ने कब्जेदारों को नोटिस जारी किए थे। नोटिस के बावजूद कब्जा न छोड़ने पर प्रशासन ने 18 जुलाई को बिजली कनेक्शन कटवा दिए थे। जमीन जल्द खाली करने की चेतावनी दी थी। इसके बावजूद लोगों ने अपना कब्जा नहीं छोड़ा।
शनिवार को सदर एसडीएम संजय पांडेय पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बुलडोजर से मकान-दुकान तुड़वाने शुरू कर दिए। इस दौरान लोगों ने कहा कि वे लोग यहां पर दशकों से रह रहे हैं। सिविल कोर्ट में मुकदमा भी चल रहा है। लोगों को समय दिया जाना चाहिए, लेकिन अफसरों ने उनकी नहीं सुनी। ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई।