जलालाबाद। याकूबपुर तिराहे पर पैदल जा रहे युवक पर सांड़ ने अचानक हमला कर दिया। इस दौरान राहगीरों ने बामुश्किल उसे बचाया। गंभीर रूप से घायल युवक को सीएचसी भिजवाया गया लेकिन गंभीर हालत के चलते जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
गांव गुनारा निवासी शहजादे बुधवार रात करीब आठ बजे ई-रिक्शा से याकूबपुर तिराहे पहुंचने के बाद फर्रुखाबाद हाईवे पर पैदल जा रहे थे। तभी पीछे से आए सांड़ ने उन्हें उठाकर सड़क पर पटक दिया। आसपास मौजूद लोग जब तक कुछ समझ पाते, सांड़ ने तीन-चार बार युवक को पटक दिया। किसी तरह लोगों ने सांड़ को भगाया लेकिन तब तक शहजादे लहूलुहान हो चुका था। संवाद
तालाब में पहुंचा मगरमच्छ, ग्रामीणों में दहशत
देवकली। गांव से सटे तालाब में मगरमच्छ देखे जाने से ग्रामीणों में दहशत व्याप्त है। वनकर्मियों से पकड़वाने की मांग की है। गांव नबीनगर के अरविंद भारती ने बताया कि उनके दरवाजे के सामने बने तालाब में मगरमच्छ आ गया है। जो बच्चों के लिए खतरा बना हुआ है। उन्होंने वन विभाग के अधिकारियों से मगरमच्छ को पकड़वाए जाने की मांग की है। वन दरोगा आदेश कुमार ने बताया कि सूचना मिली है। टीम को भेजा गया है। लोकेशन ट्रेस होने पर पकड़वाया जाएगा। संवाद