जलालाबाद थाना क्षेत्र के गांव ककरहा में प्रेम-प्रसंग के चलते भाई मूलचंद्र उर्फ मुलायम ने अपनी बहन प्रीति और उसके प्रेमी सनोज को गोली मार दी। प्रीति की मौके पर ही मौत हो गई जबकि सनोज ने राजकीय मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। प्रीति के पिता हाकिम को भी जांघ में गोली लगी है। वह मेडिकल कॉलेज में भर्ती है। पुलिस ने आरोपी भाई को गिरफ्तार कर उसके पास से वारदात में इस्तेमाल तमंचा बरामद कर लिया है।
सनोज उर्फ सोनू (18) का पड़ोस में रहने वाले हाकिम की बेटी प्रीति (18) से करीब एक वर्ष से प्रेम प्रसंग चल रहा था। सनोज एक परचून की दुकान में नौकरी करता था। सोमवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे सनोज दुकान से खाना खाने के लिए घर आ रहा था। इस बीच प्रीति को देखकर सनोज उसके घर में पहुंच गया। तभी प्रीति का भाई मूलचंद्र उर्फ मुलायम भी आ गया। कमरे में दोनों को देखकर भाई मूलचंद्र ने तमंचे से अपनी बहन के पेट में गोली मार दी। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। दूसरी गोली उसने सनोज को पेट में मारी। फायरिंग में पिता हाकिम की जांघ में गोली लग गई।
गंभीर हालत में सनोज को राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान सनोज की रात करीब आठ बजे मौत हो गई। मेडिकल कॉलेज में हाकिम का इलाज चल रहा है। पुलिस ने आरोपी मूलचंद्र को गांव से ही गिरफ्तार कर लिया। एसपी एस आनंद ने बताया कि घायल सनोज के भाई अनुज की तहरीर पर आरोपी मूलचंद्र के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।