श्री रामचंद्र मिशन के ध्यानोत्सव कार्यक्रम में ब्राइटर माइंड कार्यक्रम में प्रतिभाग करते बच्चे।
शाहजहांपुर। श्री रामचंद्र मिशन और हार्टफुलनेस मेडिटेशन की ओर से आयोजित तीन दिवसीय ध्यानोत्सव के दूसरे दिन रविवार को ब्राइटर माइंड कार्यक्रम के बच्चों ने अपनी अद्भुत प्रतिभा का प्रदर्शन किया। बच्चों ने आंखों पर पट्टी बांधकर विजिटिंग कार्ड, नोट के नंबर और गेंदों के रंग सही-सही पढ़कर सभी को अचंभित कर दिया।
मिश्रीपुर स्थित श्री रामचंद्र मिशन योगाश्रम में चल रहे ध्यानोत्सव का सीएमओ डॉ. विवेक मिश्रा ने शुभारंभ किया। इसका उद्देश्य ध्यान साधना के माध्यम से आंतरिक शांति और आध्यात्मिक उन्नति को बढ़ावा देना है।
सीएमओ ने कहा कि रामचंद्र मिशन का मानव कल्याण का कार्य अद्वितीय है। लखनऊ से आए चंद्रकांत ने योग के आसन कराए। केंद्र प्रभारी सर्वेश चंद्रा ने प्रतिभागियों को ध्यान अभ्यास कराया। जोन प्रभारी शालिनी मेहरोत्रा ने सहज मार्ग साधना पद्धति और हार्टफुलनेस मेडिटेशन की सफाई की विधि पर प्रकाश डाला।
उन्होंने श्री रामचंद्र मिशन के कार्यों और उद्देश्यों के बारे में भी बताया। जोन प्रभारी शालिनी मेहरोत्रा और प्रशिक्षक गोपाल अग्रवाल ने सीएमओ मिश्रा को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। ध्यानोत्सव के आयोजन में राजगोपाल अग्रवाल, ममता सिंह हर्षवर्धन अग्रवाल,आनंद मिश्रा, सुयश सिन्हा, संजय सक्सेना आदि का विशेष सहयोग रहा।