शाहजहांपुर। यूपी बोर्ड परीक्षा 2027 के लिए परीक्षा केंद्र निर्धारण की प्रक्रिया तेज हो गई है। जिले के 386 विद्यालयों की जांच पूरी होने के बाद संबंधित एसडीएम कार्यालय से रिपोर्ट जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय भेज दी गई है। इन रिपोर्टों की फीडिंग परिषद की वेबसाइट पर 10 अगस्त तक कराई जाएगी।
जिले के 386 स्कूलाें की मूलभूत सुविधाओं की जानकारी परिषद ने मांगी थी। इसके बाद प्रधानाचार्यों के माध्यम से भवन, कक्ष, फर्नीचर, बिजली, पेयजल, शौचालय, सीसी कैमरे समेत अन्य मूलभूत सुविधाओं का विवरण प्राप्त किया गया था। इसके बाद डीएम स्तर से गठित तहसील स्तरीय टीमों ने विद्यालयों का भौतिक सत्यापन किया।
सत्यापन पूरा होने के बाद सभी विद्यालयों की रिपोर्ट डीआईओएस कार्यालय को उपलब्ध करा दी गई है। अब स्कूलवार विवरण परिषद के पोर्टल पर अपलोड किया जाएगा। फीडिंग पूरी होने के बाद प्रस्तावित परीक्षा केंद्रों की सूची जारी होगी, जिस पर संबंधित विद्यालयों से आपत्तियां और सुझाव मांगे जाएंगे। इनके निस्तारण के बाद अंतिम परीक्षा केंद्रों की सूची जारी की जाएगी। डीआईओएस हरिवंश कुमार ने बताया कि विद्यालयों का सत्यापन कार्य पूरा हो चुका है। उनकी फीडिंग शुरू करा दी गई है।