शाहजहांपुर। स्वामी शुकदेवानंद विश्वविद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के स्नातक एवं स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन का मंगलवार को अंतिम अवसर है। विश्वविद्यालय की ओर से समर्थ पोर्टल पर आवेदन हो रहे हैं। अंतिम तिथि नजदीक आने के कारण आवेदन प्रक्रिया में तेजी आ गई है। उसके बाद मेरिट सूची जारी की जाएगी।
स्वामी शुकदेवानंद विश्वविद्यालय के अधीन 55 डिग्री कॉलेजों में प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया चल रही है। देरी से पोर्टल शुरू होने के बाद ऑनलाइन आवेदन की तिथि चार अगस्त रखी गई थी। जिसमें अब तक आठ हजार आवेदन हो चुके हैं। अंतिम दिन बड़ी संख्या में विद्यार्थियों के आवेदन करने की संभावना है। विश्वविद्यालय के प्रवेश प्रभारी आदित्य सिंह ने बताया कि समर्थ पोर्टल सुचारु रूप से संचालित हो रहा है। आवेदन की संख्या कम रहने पर कुलपति के निर्देश पर तिथि बढ़ाने पर विचार किया जाएगा।