शाहजहांपुर। आपका एक यूनिट रक्त बहुत ही उपयोगी है। इसके इस्तेमाल से चार मरीजों की जान बचाई जा सकती है। अपने खून को अधिक उपयोगी बनाने और जरूरतमंदों की मदद के लिए अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से विश्व रक्तदान दिवस के मौके पर मंगलवार को सुबह दस बजे से राजकीय मेडिकल कॉलेज के ब्लड बैंक में रक्तदान शिविर का आयोजन किया जा रहा।
शिविर के लिए सारी तैयारियों को मुकम्मल कर लिया गया। शिविर में समाजसेवी, राजनीतिज्ञ, सामाजिक कार्यकर्ता, शिक्षक, रंगकर्मी, छात्र-छात्राएं, एनएसएस की छात्राओं समेत बड़ी संख्या में लोगों ने रक्तदान करने की सहमति दी है। ब्लड बैंक के प्रभारी डॉ. शबाहत हुसैन बताते हैं कि रक्तदाता से एक बार में 350 एमएल रक्त लिया जाता है। इसमें से लाल रक्त सेल अलग करते हैं।
उसका उपयोग खून की कमी वाले मरीज और ऑपरेशन के समय किया जाता है। इसके अलावा प्लाज्मा लीवर संबंधी बीमारियों और झुलसे हुए मरीजों के इलाज में इस्तेमाल करते हैं। रक्त की प्लेटलेट्स का उपयोग डेंगू, कैंसर और बोनमेरो के मरीजों के इलाज में किया जाता है। क्रोयोप्रेसिपिटेट का उपयोग हीमोफीलिया और रक्त विकार के मरीजों के इलाज में होता है।
हमेशा तैयार रहते हैं अनूप
यूथ फॉर सोशल सर्विस के अध्यक्ष अनूप गुप्ता रक्तदान के लिए हमेशा तत्पर रहते हैं। अनूप बताते हैं कि गत दिनों सोशल मीडिया पर गर्भवती महिला को खून की आवश्यकता पड़ी। उन्होंने सोशल मीडिया पर पड़ी पोस्ट को देखकर तुरंत अस्पताल पहुंचकर महिला की जान बचाई। महिला के साथ कोई भी खून देने वाला नहीं था। अभी तक वह कई बार रक्तदान कर चुके हैं।
शिविर में पहुंचने की अपील
इंडियन रेडक्रास सोसायटी की बैठक प्रदेश प्रबंध समिति के सदस्य डॉ. विजय जौहरी के ताजूखेल स्थित आवास पर हुई। इसमें मंगलवार को जिला अस्पताल में होने वाले रक्तदान शिविर में पहुंचने की अपील की गई। डॉ. जौहरी ने बताया कि रक्तदान के संबंध में चिकित्सा विज्ञान कहता है कि जिसकी उम्र 16 से 60 साल के बीच और वजन 45 किलोग्राम से अधिक हो, वह रक्तदान कर सकता है। बैठक में डॉ. हेमेंद्र वर्मा, डॉ. एसपी कौशल, सर्वेश पाल, प्रशांत सक्सेना, आशीष श्रीवास्तव, डॉ. सलीम, डॉ. मुजीब आदि मौजूद रहे।