रामपुर कलां बिजली उपकेंद्र पर किसानों से वार्ता करते अधिकारी। संवाद
खुटार। लो-वोल्टेज के कारण नलकूप चलने में आ रही दिक्कत और बिजली कटौती से नाराज किसानों ने भारतीय किसान यूनियन (अराजनीतिक) के बैनर तले रामपुरकलां बिजली उपकेंद्र पर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। बिजली उपकेंद्र पर पुलिस तैनात कर दी गई। शाम साढ़े छह बजे आपूर्ति में सुधार के आश्वासन पर धरना समाप्त कर दिया गया।
शनिवार को काफी संख्या में किसान और भाकियू कार्यकर्ता बिजली उपकेंद्र पर एकत्र हुए। किसानों ने कहा कि तीन दिन पूर्व धरना देने के बाद ज्ञापन देकर समस्याओं का निराकरण कराने की मांग की गई थी। एसडीओ और जेई ने तीन दिन में समस्या का समाधान कराने की बात कही थीं, लेकिन बाद में कोई ध्यान नहीं दिया गया। लो-वोल्टेज और बिजली कटौती के कारण नलकूप न चलने से धान की रोपाई में बाधा आ रही है। किसानों ने कहा कि समस्या हल न हुई तो चक्का जाम किया जाएगा।
चक्का जाम की चेतावनी की जानकारी पाकर विद्युत निगम के एक्सईएन पुनीत निगम, नायब तहसीलदार जगतमोहन जोशी, सीओ प्रवीण मलिक बिजली उपकेंद्र पहुंचे और वार्ता की लेकिन किसानों ने धरना प्रदर्शन जारी रखा। देर शाम एक्सईएन ने सप्लाई में सुधार के लिए एक दिन का समय मांगा। इसके बाद धरना समाप्त कर दिया गया।
किसानों ने बताया कि बड़ागांव बिजली उपकेंद्र की हाईटेंशन लाइन से आपूर्ति मिलने तक सब ठीक था, अब लालपुर से बिजली आपूर्ति जोड़ने के बाद से दिक्कत आ रही है। धरना-प्रदर्शन के दौरान भाकियू के बरेली मंडल अध्यक्ष मंजीत सिंह धालीवाल, जिलाध्यक्ष संदीप सिंह, दलजीत सिंह, सुखविंदर सिंह, राजेंद्र सिंह, रणधीर सिंह, हरमन सिंह, अंकित शर्मा, मंजीत सिंह मल्ली सहित तमाम किसान शामि रहे। एक्सईएन पुनीत निगम ने बताया कि किसानों की समस्या सुनी गई है। भीषण गर्मी और धान की रोपाई के चलते ज्यादा लोड के कारण दिक्कत है। समस्या का समाधान कराया जाएगा।