खुटार के गांव नवदिया प्रेमराज में भाकियू के जिला उपाध्यक्ष के पुत्र के निधन पर शोक जताते राकेश टि
- फोटो : POWAYAN
पुवायां (शाहजहांपुर)। भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने कहा कि विधानसभा चुनाव में भाकियू किसी भी पार्टी का समर्थन या विरोध नहीं करेगी।
राकेश टिकैत रविवार को जनपद लखीमपुर के तिकुनिया से पूरनपुर जाते समय यूनियन के जिला उपाध्यक्ष खुटार के गांव नवदिया प्रेमराज निवासी सुरजीत सिंह के घर पहुंचे और सुरजीत सिंह के युवा पुत्र के निधन पर दुख जताया। उन्होंने सुरजीत सिंह सहित पूरे परिवार को सांत्वना दी। सुरजीत सिंह के पुत्र हरविंदर सिंह की बरेली में सड़क हादसे में मौत हो गई थी।
इस मौके पर राकेश टिकैत ने मीडिया से संक्षिप्त बातचीत में कहा कि भाकियू का किसी भी पार्टी को समर्थन नहीं है। भाकियू कार्यकर्ता सरकार की कमियां को जनता तक पहुंचाने का काम करेंगे। उन्होंने कहा कि गन्ने के मामले में योगी सरकार तीसरे नंबर पर है। पहले नंबर पर बसपा सरकार में मायावती ने गन्ने का रेट 125 रुपये प्रति क्विंटल बढ़ाने का काम किया। दूसरे नंबर पर सपा सरकार रही, जिसमें अखिलेश यादव ने 65 रुपए प्रति क्विंटल रेट बढ़ाया। योगी सरकार तीसरे नंबर पर है, जिसने प्रति क्विंटल 25 रुपये बढ़ाए।
इस मौके पर उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश तराई क्षेत्र के प्रभारी बलजिंदर सिंह मान, अध्यक्ष अजीत सिंह, जिलाध्यक्ष मंजीत सिंह धालीवाल, संदीप सिंह, कुलदीप सिंह, गुरमुख सिंह, सुखविंदर सिंह, महिला प्रकोष्ठ की जिलाध्यक्ष दलजीत कौर, झरमल सिंह सहित तमाम कार्यकर्ता मौजूद रहे।