जलालाबाद। कलान थाना क्षेत्र के गांव हरेली निवासी सुरजीत की पत्नी गौरी (23) की सोमवार शाम कोलाघाट पुल के पास बाइक से गिरकर मौत हो गई। ब्रेकर की वजह से वह गोद में लिए बच्चे के साथ उछलकर बाइक से गिरी। हादसे में बच्चा बाल-बाल बच गया।
जलालाबाद थाना क्षेत्र के गांव सरायसाधौ में गौरी का मायका है। सोमवार को सुरजीत के साले राजकुमार के बेटे की नामकरण संस्कार की दावत थी। गौरी अपने पति सुरजीत, तीन साल की बेटी व एक साल के बेटे के साथ बाइक से मायके में दावत में शामिल होने के लिए जा रही थी।
शाम करीब छह बजे कोलाघाट पुल से नीचे उतरते ही ब्रेकर की वजह से गौरी गोद में लिए बेटे के साथ बाइक से उछलकर गिर गई। हादसे में उनका बेटा बाल-बाल बच गया, लेकिन गौरी गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस ने राहगीरों की मदद से गौरी को सीएचसी भिजवाया। वहां उनकी मौत हो गई। सीओ दीपक सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया गया है।