ददरौल। थाना रामचंद्र मिशन क्षेत्र के गांव बिजलापुर के पास शुक्रवार सुबह करीब साढ़े सात बजे अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार उमेश चंद्र वर्मा (25) निवासी गांव सरोरा पश्चिमी थाना सेहरामऊ दक्षिणी की मौके पर मौत हो गई। जबकि इसी गांव का रहने वाला दिनेश गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बाइक चालक हेलमेट लगाए हुए था।
गांव सरोरा पश्चिमी निवासी उमेश और उनकी गांव का रहने वाले दिनेश बरेली मोड़ के पास एक होटल पर काम करते हैं। शुक्रवार की सुबह करीब सात बजे उमेश और दिनेश बाइक से होटल आ रहे थे। जैसे दोनों थाना रामचंद्र मिशन क्षेत्र के गांव बिजलापुर के पास पहुंचे तभी अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। इसमें बाइक चले रहे उमेश की मौके पर मौत हो गई। जबकि बाइक पर पीछे बैठा दिनेश गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद स्थानीय लोग जब मौके पर पहुंचे तो उन लोगों ने उमेश के पिता को सूचना दी। इसी बीच सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर घायल दिनेश को राजकीय मेडिकल कालेज में भर्ती कराया। जहां उसका इलाज किया जा रहा है। उमेश की तीन साल पहले शांति देवी से शादी हुई थी। उनकी एक साल की बेटी सृष्टि है। हादसे के बाद परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है।