एक्सीडेंट के बाद सड़क पर पड़ी बाइक देखते लोग । संवाद
- फोटो : SHAHJAHANPUR
शाहजहांपुर। तिलहर थाना क्षेत्र के गांव पुरायां निवासी धर्मेंद्र कुमार की बाइक में नेशनल हाईवे पर बंथरा गांव के पास डीसीएम की टक्कर लग गई। टक्कर लगने से धर्मेंद्र व उनका रिश्ते का भाई मोनू घायल हो गए। हालत गंभीर होने पर दिल्ली ले जाते समय धर्मेंद्र की मौत हो गईं।
बृहस्पतिवार को धर्मेंद्र (35) और उसका भाई मोनू अपनी बहन सीमा के घर कांट के गांव चढ़ारी जा रहे थे। दोनों बाइक पर सवार थे। शाम करीब चार बजे बंथरा गांव के पास सामने से आई डीसीएम ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। नेशनल हाईवे पर हादसे के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को एंबुलेंस के जरिये राजकीय मेडिकल कॉलेज भेजा।
जहां से हालत गंभीर होने पर दोनों को रेफर कर दिया गया। बड़े भाई अशोक ने बताया कि धर्मेंद्र को लेकर दिल्ली जा रहे थे। रास्ते में उसकी मौत हो गई। जबकि मोनू को बरेली के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। धर्मेंद्र की मौत से पत्नी नेेहा, बेटी रेनू और मुस्कान का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने मिनी ट्रक को चौकी पर खड़ा करवा लिया, जबकि चालक मौके से भाग गया।