रोजा में महिला संग मारपीट करता युवक। स्रोत: वीडियो ग्रेब
- फोटो : Archive
रोजा। क्षेत्र के गांव शेरपुर सरसवां में एक परिवार पर जानलेवा हमला कर दिया गया। बुजुर्ग दंपती समेत छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सोशल मीडिया पर मारपीट का एक वीडियो भी वायरल हो रहा है। संवाद न्यूज एजेंसी वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करती है।
मामला सोमवार की शाम छह बजे का है। विजय का परिवार अपने घर पर था। पीड़ितों ने बताया कि गांव के प्रकाश और उसके बेटों ने एकराय होकर लाठी-डंडे और सरिया हमलाकर बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। मारपीट में विजय के पिता शिवशंकर और मां शांति देवी को गंभीर चोटें आईं। साथ ही, विजय की बहन नन्ही, जुगन्ना, रीटा और मोनी भी घायल हो गईं।
चीख-पुकार की आवाज सुन ग्रामीणों ने किसी तरह बीच-बचाव कराया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस से राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। इसके बाद थाने पहुंचे विजय ने प्रकाश, उनके बेटे मिथुन, नन्हें, चंगा, सोनपाल और पुजारी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। साथ ही हल्की धारा लगाने का आरोप लगाया।
रोजा थाना प्रभारी उमेश मिश्रा ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई हैं। मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद जो धाराएं बनेंगी, उन्हीं धाराओं में मुकदमा तरमीम कर दिया जाएगा।