शाहजहांपुर। त्योहारी सीजन में ऑनलाइन खरीदारी के बढ़ते ट्रेड की वजह से साइबर अपराधी सक्रिय हो गए हैं। प्रमुख ऑनलाइन कंपनियों की मिलती-जुलती वेबसाइट बनाकर लोगों के खातों में ये सेंध लगा देते हैं। इसको लेकर पुलिस ने जागरूकता अभियान शुरू कर दिया है। लोगों से खरीदारी करने के साथ ऑफर के लालच में न आने की अपील की जा रही है।
धनतेरस और दिवाली पर खरीदारी का सिलसिला जारी है। बाजारों के साथ लोगों ने ऑनलाइन ऑर्डर बुक कराए हैं। साइबर पुलिस के विशेषज्ञ की मानें तो बड़े ब्रांड के मिलते-जुलते नामों की फर्जी वेबसाइट से सावधान रहने की जरूरत है। वेबसाइट की नाम की स्पेलिंग में मात्र एक अक्षर का अंतर होता है। अपराधी फर्जी वेबसाइट पर सामान बुक करने के साथ रुपये ट्रांसफर करा लेते हैं और फिर मोबाइल बंद कर लेते हैं। ऐसे मामलों से बचाने के लिए पुलिस ने जागरूकता अभियान को शुरू कर दिया है।
-
उपहारों और सस्ते के लालच में न फंसे
-त्योहार पर उपहार और सस्ते के लालच में फंसने पर साइबर ठगी के शिकार हो सकते हैं। साइबर थाना प्रभारी रोहित सिंह बताते हैं कि कोई भी कंपनी सस्ते में कुछ नहीं देती है। यह साइबर ठगी करने वालों का एक फंडा है। इससे बचने के लिए सावधान रहने की आवश्यकता है। सिंह ने बताया कि लालच में न आने पर साइबर अपराधियों से बचा जा सकता है।
-
ये बरतें सावधानी
-किसी भी असुरक्षित और फर्जी वेबसाइट पर जाने से बचें।
-एचटीटीपी व स्लैश के बिना वेबसाइट को फर्जी मानें।
-अंजान व्यक्ति के कहने पर कोई एप डाउनलोड नहीं करें।
-किसी भी संदेश के माध्यम से प्राप्त अंजान लिंक पर क्लिक न करें।
-अंजान व्यक्ति के नंबर से वीडियो कॉल को रिसीव नहीं करें।
-ठगी के लालच में नहीं आए, उपहार के ऑफर से भी बचकर रहें।