गांव भूड़ा के विश्राम सक्सेना का फाइल फोटो
- फोटो : POWAYAN
बंडा। दस दिन पूर्व फर्रुखाबाद की आलू मंडी में मजदूरी करने गए गांव भूड़ा के 45 वर्षीय विश्राम सक्सेना की ट्रक से कुचल कर मौत हो गई है। सूचना पर परिवार के लोग फर्रुखाबाद रवाना हो गए हैं।
परिजन के अनुसार विश्राम मजदूरी कर परिवार की गुजर करते थे। दस दिन पहले वह गांव के कुछ लोगों के साथ फर्रुखाबाद की आलू मंडी में पल्लेदारी करने गए थे। वह गांव के लोगों के साथ फर्रुखाबाद के सेंट्रल जेल चौराहे के पास किराये पर रहते थे। शनिवार शाम नौ बजे वह बीड़ी लेने जा रहे थे, इस बीच चौराहे के पास वह ट्रक की चपेट में आ गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने विश्राम को लोहिया अस्पताल भिजवाया। अस्पताल में डॉक्टर ने विश्राम को मृत घोषित कर दिया। विश्राम के साथी शुभरकन ने परिजन को मौत की जानकारी दी। परिवार के लोग फर्रुखाबाद गए हैं। पत्नी मीना देवी, पुत्र विजयपाल, पुत्री क्रांति देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। संवाद