पुवायां। चुनौती स्वीकार करते समय राजस्थान के बादल पहलवान ने अयोध्या की हनुमान गढ़ी से आए पहलवान छोटा लाडी के थप्पड़ जड़ दिया। इसके बाद अखाड़े में छोटा लाडी ने बादल पहलवान को दौड़ा-दौड़ाकर पटका। दर्शकों ने उनका जमकर उत्साहवर्धन किया।
कस्बे में ढकिया मार्ग के पास मैदान में चल रहे राष्ट्रीय एकता विराट दंगल में मंगलवार को कई पहलवानों के बीच मुकाबले हुए। कुश्ती में अयोध्या के हनुमान गढ़ी के पहलवान छोटा लाडी का जलवा रहा। छोटा लाडी ने राजस्थान के बादल पहलवान को कुश्ती के लिए चुनाैती दी तो बादल पहलवान ने छोटा लाडी के थप्पड़ मार दिया।
इसके बाद दोनों में मुकाबला हुआ, जिसमें छोटा लाडी ने थप्पड़ का बदला लेते हुए बादल पहलवान को दौड़ा-दौड़ाकर पटका। लगातार पटखनी खा रहे राजस्थान के पहलवान ने निर्णायक के पीछे छिपकर बचने का प्रयास किया, लेकिन छोटा लाडी ने उसे फिर से कई बार पटखनी देकर दर्शकों की वाहवाही लूटी।
पटियाला के धर्मवीर ने कौशांबी के आकाश, मथुरा के हैप्पी ने फिरोजाबाद के रवि पहलवान, इटावा के गोलू ने गोरखपुर के समरजीत, उन्नाव के विपिन ने कौशांबी के सौरभ, राजस्थान के धर्मवीर ने दतिया के इंद्रजीत पहलवान, फिरोजाबाद के अन्ना पहलवान ने कौशांबी के विवेक को हराया।
इटावा के गोलू पहलवान और आगरा के हैप्पी, अयोध्या हनुमान गढ़ी के बाबा छोटा लाडी और गोरखपुर के विपिन की कुश्ती बराबरी पर छूटी। इस मौके पर भाजपा नगर अध्यक्ष अर्पित गुप्ता, प्रदीप मिश्रा, पूरन मिश्रा, सर्वेश शर्मा, नौशाद खां, ब्रजेंद्र देव मिश्रा, विपुल वाजपेयी सहित तमाम लोगों ने पहलवानों के हाथ मिलवाकर कुश्तियां शुरू कराईं।