बंडा। बंडा मंडी परिसर में धान चोरी की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ को खदेड़ने का प्रयास किया। तभी शराब के नशे में कुछ लोगों ने पुलिसकर्मियों से हाथापाई कर दी। पुलिस मामले को दबाने में जुटी है और हाथापाई होने से इनकार किया है।
बंडा उप मंडी परिसर में मंगलवार रात शराबी एक युवक सेंटर पर लगे धान भर कर ले जा रहा था। मंडी में चौकीदारी कर रहे युवक ने चोर को देखा तो उसे पकड़ लिया। दोनों के बीच मारपीट होने लगी। चौकीदार ने यूपी-112 पर सूचना दी तो एक दरोगा और सिपाही मौके पर पहुंच गए। पुलिस के पहुंचने तक मौके पर भीड़ जमा हो चुकी थी। धान की चोरी करने वाला भीड़ का फायदा उठाकर खिसक गय्रा।
पुलिस ने डंडे फटकार कर लोगों को खदेड़ने का प्रयास किया तो शराब के नशे में कुछ युवकों ने पुलिस से हाथापाई शुरू कर दी। दरोगा ने मामले की जानकारी थाने पर दी तो थाने से फोर्स मौके पर पहुंचा, लेकिन तब तक आरोपी भाग गए। पुलिस ने आरोपियों की काफी देर तक तलाश की, लेकिन कोई हाथ नहीं आया।
पुलिस ने आरोपियों के बारे में लोगों ने जानकारी करने के बाद पड़ोस के एक गांव में भी दबिश दी, लेकिन कोई हत्थे नहीं चढ़ सका। पुलिस ने बुधवार को भी आरोपियों की तलाश की। थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि मंगलवार रात मंडी परिसर में दो पक्षों में विवाद हुआ था। यूपी- 112 पुलिस मौके पर गई थी और दोनों पक्षों को थाने लाया गया था। बाद में दोनों पक्षों में समझौता हो गया। पुलिस के साथ हाथापाई का आरोप निराधार है।