शाहजहांपुर। परिषदीय स्कूलों में गर्मी के अवकाश से पहले छात्र-छात्राओं को नेट (निपुण असेसमेंट टेस्ट) से गुजरना होगा। परीक्षा को लेकर सारी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इसके जरिये विद्यार्थियाें की शैक्षिक स्थिति को परखा जाएगा।
जिले में 2716 प्राथमिक व उच्च प्राथमिक स्कूलों का संचालन होता है। स्कूलों में करीब तीन लाख 17 हजार छात्र-छात्राएं शिक्षा ग्रहण करते हैं। समय-समय पर बच्चाें के शैक्षिक स्तर को परखने के लिए परीक्षा का आयोजन होता रहता है। 20 मई से गर्मी का अवकाश शुरू हो जाएगा। उससे पहले 16 मई को परिषदीय स्कूलों में नेट कराया जाएगा। कक्षा एक से आठ तक के बच्चों के बीच होने वाली परीक्षा में बच्चों को प्रश्नपत्र के साथ ही ओएमआर शीट भी दी जाएगी।
परीक्षा को लेकर तैयारियां प्रारंभ हो गई हैं। बीएसए दिव्या गुप्ता ने बीईओ और प्रधानाध्यापकों को दिशा-निर्देश दिए हैं। इसी के साथ प्रश्नपत्र भी तैयार कराए जा रहे हैं। बीईओ मुख्यालय सुरेंद्र मौर्या ने बताया कि परीक्षा को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। जिला स्तरीय अधिकारियों की निगरानी में परीक्षा को कराया जाएगा।