शाहजहांपुर। बीएसए कार्यालय में दस हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए डीसी एमडीएम निश्चय सिंह व सहायक लेखाकार अरुण कुमार की गिरफ्तारी के बाद शनिवार को बरेली से आई एंटी करप्शन टीम ने करीब तीन घंटे तक बीएसए कार्यालय में छानबीन की। इस दौरान बीएसए समेत पांच लोगों के बयान दर्ज किए गए। कार्यालय का नक्शा भी तैयार किया गया।
कंपोजिट स्कूल पैना की सहायक अध्यापक रेनू शुक्ला की शिकायत पर 20 अप्रैल को एंटी करप्शन टीम ने निश्चय सिंह व अरुण कुमार को रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया था। उनके खिलाफ सदर बाजार थाने में रिपोर्ट भी दर्ज कराई गई थी। शनिवार को एंटी करप्शन की तीन सदस्यीय टीम सबसे पहले भावलखेड़ा बीआरसी में गई।
वहां बीईओ के अवकाश पर होने के चलते उनके बयान दर्ज नहीं हो पाए। इसके बाद टीम ने बीएसए कार्यालय पहुंचकर पड़ताल की। टीम ने डीसी एमडीएम के कार्यालय में छानबीन की। अभिलेखों के बारे में जानकारी भी ली। टीम ने शिकायतकर्ता रेनू शुक्ला व उनके पति कपिल अवस्थी से जानकारी ली।
उस जगह को भी देखा, जहां पर रिश्वत लेते हुए पकड़ा गया था। टीम के प्रभारी प्रदीप सान्याल के अनुसार, बीएसए दिव्या गुप्ता, वरिष्ठ लिपिक, संविदाकर्मी अखिल सक्सेना समेत पांच लोगाें के बयान दर्ज किए गए हैं। करीब तीन घंटे तक टीम कार्यालय में रही। इस दौरान अधिकतर कर्मचारी पूरी तरह से सतर्क रहे। टीम के जाने के बाद ही राहत की सांस ली।
रेनू ने बीएसए पर लगाए आरोप
संविलियन विद्यालय पैना बुजुर्ग की शिक्षिका रेनू शुक्ला ने बीएसए पर आरोप लगाए हैं। उन्होंने एंटी करप्शन के एडीजी को भेजे पत्र में बताया कि बीएसए और उनके खास लिपिक, उनके परिचितों से कह रहे हैं कि कार्रवाई का हिसाब उनके पति के भाई अश्वनी अवस्थी से लेंगे। अश्वनी पुवायां में एक स्कूल में अध्यापक हैं। आरोप है कि बीएसए जिले में तैनात बीईओ व डीसी पर दबाव बनाकर अश्वनी पर आरोप लगाकर निलंबित व दंडात्मक कार्रवाई की संस्तुति का दबाव बना रही हैं। आरोप लगाया कि लिपिक नियमविरुद्ध तरीके से कार्यालय में काम कर रहा है। इस संबंध में कई बार कॉल करने पर भी बीएसए का पक्ष नहीं मिल सका।
कई और लोग भी फंसने की आशंका
रेनू शुक्ला के निलंबन के बाद बीएसए के कई अधीनस्थों ने मामले की जांच की है। एंटी करप्शन टीम की कार्रवाई के बाद विवेचना शुरू होने के बाद कई और राज खुल रहे हैं। ऐसे में वे लोग भी जद में आएंगे, जिन्होंने अपनी रिपोर्ट में हेरफेर किया है।
मामले की विवेचना चल रही है। शनिवार को बीएसए समेत कई कर्मचारियाें के बयान दर्ज किए गए हैं। बीईओ के नहीं मिल पाने के कारण उनके बयान नहीं हो सके हैं।
-प्रदीप सान्याल, प्रभारी एंटी करप्शन टीम बरेली