शाहजहांपुर। आयुष हत्याकांड में फरार चल रहे 50 हजार के इनामी आरोपी चौक कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला सिंजई निवासी शेखर उर्फ अभिषेक मौर्या पर एक और मुकदमा पंजीकृत किया गया है। चार माह गुजरने को हैं, लेकिन पुलिस उसे पकड़ पाने में नाकाम है।
लगातार फरार रहने से आरोपी के खिलाफ न्यायालय मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट से एक जनवरी को एनबीडब्ल्यू तथा 18 फरवरी को धारा 84 की कार्रवाई की गई थी। इंस्पेक्टर अरविंद सिंह चौहान ने बताया कि संज्ञान में आया है कि आरोपी शेखर अपनी चल अचल संपत्ति को खुर्द-बुर्द करने की फिराक में है। उसके खिलाफ धारा 209 बीएनएस का अभियोग पंजीकृत किया गया है।
गत वर्ष दो दिसंबर को थाना सदर बाजार के श्यामगंज गौटिया निवासी दिलीप गुप्ता के बेटे आयुष गुप्ता की ओसीएफ के रामलीला मैदान पर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। हत्याकांड में 14 लोगों को नामजद किया गया था। कुछ लोगों के नाम वायरल वीडियो के आधार पर बढ़ाए गए थे। अब तक पुलिस 15 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। इस हत्याकांड में दो महिलाएं भी जेल जा चुकी हैं।