मृतक रीता देवी का फाइल फोटो। स्रोत: परिजन
शाहजहांपुर। सिंधौली के गहरा गांव निवासी 40 वर्षीय आंगनबाड़ी कार्यकर्ता रीता देवी की लखीमपुर खीरी में हुए सड़क हादसे में मौत हो गई।
बृजकिशोर ने बताया कि उनके 18 वर्षीय छोटे बेटे आदित्य के कान में दर्द हो रहा था। उसे यहां कई डॉक्टरों को दिखाया, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। सोमवार शाम वह बेटे को दवा दिलाने के लिए बाइक से लखीमपुर खीरी जा रहे थे। पिछली सीट पर पत्नी रीता देवी व बेटा बैठा था। हैदराबाद थाना क्षेत्र में छत्तीपुर गांव के पास पीछे से आ रही बस की साइड बाइक में लग गई। हादसे में नीचे गिरने से रीता के कमर में गंभीर चोट लग गई। वे बेटे समेत दूसरी साइड में गिर गए और बाल-बाल बच गए।
पुलिस ने उन्हें सीएचसी में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें शाहजहांपुर के राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया, जहां रीता ने दम तोड़ दिया। पोस्टमाॅर्टम हाउस में घटना बताते-बताते बृजकिशोर रोते-रोते कई बार बेहोश हो गए। वह मेहनत मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। उनके बेटे अमन, आदित्य व बेटी काजल, अंजलि का भी रोते-रोते हाल बेहाल हो गया है।