शाहजहांपुर। बाल विकास विभाग में कार्यरत आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं ने मानदेय में वृद्धि समेत अन्य कई मांगों को लेकर शुक्रवार को खिरनीबाग के जीआईसी ग्राउंड पर प्रदर्शन कर धरना दिया। बाद में उनका शिष्टमंडल सिटी मजिस्ट्रेट से मिला और उन्हें महिला आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ की ओर से मुख्यमंत्री के नाम मांगपत्र सहित ज्ञापन दिया।
प्रदर्शन से पहले दोनों संवर्गों की कर्मचारियों ने सामूहिक पूजन कर भगवान से सरकार को सद्बुद्धि देने की प्रार्थना की। धरनास्थल पर हुई सभा में संघ की जिलाध्यक्ष पद्मा रस्तोगी ने कहा कि आंगनबाड़ी कर्मचारियों से विभागीय कामों के अलावा बीएलओ ड्यूटी समेत तमाम अतिरिक्त कार्य लिए जा रहे हैं, लेकिन बीएलओ ड्यूटी का दो माह का भुगतान अकारण रोक रखा है। मुख्यमंत्री ने अतिरिक्त कार्य बोझ को देखते आंगनबाड़ी वर्कर्स का मानदेय 1500 रुपये बढ़ाने की घोषणा की, लेकिन उसका एरियर भी लंबित है।
धरना-प्रदर्शन में संघ के जिला प्रभारी विश्व मोहन भारद्वाज, जिला महामंत्री सपना मिश्रा, भाकपा की जिला कौंसिल के सह सचिव रामशंकर लाल, विनीता द्विवेदी, गिरिजा देवी, कवजय लक्ष्मी, प्रीति कटियार, सिकंदर जहां, कुसुमा देवी, सुशीला देवी आदि शामिल रहीं। मिर्जापुर में बीडीओ रमाशंकर को दिए ज्ञापन में कहा कि बढ़ाई गई प्रोत्साहन राशि को उनके मानदेय में जोड़कर मानदेय में वृद्धि की जाए। मिथलेश कुमारी, रचना सिंह, गायत्री मिश्र, सुमन कुमारी, रीना देवी, लज्जावती, रेखा कुशवाहा, सीमा, विमला, संतोषी, नम्रता और अंजू मिश्रा मौजूद रहीं।