शाहजहांपुर। विकास खंड सिंधौली की सभी 87 ग्राम पंचायतों में जल संरक्षण के लिए अमृत सरोवर बनाए जाने के बाद अब पर्यावरण की सुरक्षा के लिए अमृत वन स्थापित किए जाएंगे। आजादी की 75 वीं वर्षगांठ की स्मृति में स्थापित होने वाले अमृत वनों में विभिन्न प्रकार के छायादार और फलदार श्रेणी केे 75 पौधे लगाए जाएंगे। प्रभारी खंड विकास अधिकारी डॉ. खुशीराम भार्गव ने ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों के साथ बैठक कर ग्राम पंचायतों में अमृत वन के लिए उपयुक्त भूमि का चयन करने के साथ ही पंचायत भवनों में बायोमीट्रिक मशीनें लगवाने के निर्देश दिए।
बैठक में प्रभारी बीडीओ ने बैठक में अमृत सरोवर, अमृत वन बनाने और बायोमीट्रिक मशीन स्थापना कार्य के अतिरिक्त गौशालाओं के सत्यापन, पंचायत भवनों के निर्माण, पंचायत भवनों में विद्युतीकरण, शादी अनुदान, कन्या सुमंगला योजना, विभिन्न पेंशन, सामुदायिक शौचालय के खुलने, केयर टेकर के भुगतान आदि अन्य कई बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने कहा कि सरकार भूगर्भ जल एवं पर्यावरण सुरक्षा को लेकर काफी गंभीर है। इसलिए अमृत सरोवरों का निर्माण प्राथमिकता से कराया गया और अब इसी कड़ी में अमृत वन विकसित किए जाएंगे। इसी तरह सभी कार्यालयों में बायोमीट्रिक हाजिरी सरकार की 100 दिन की कार्य योजना में शामिल है।
उन्होंने कहा कि शासन के निर्देशानुसार अब प्रत्येक ग्राम पंचायत में बायोमीट्रिक मशीन से ग्राम स्तरीय कर्मचारियों की उपस्थिति दर्ज होगी। इसके लिए सभी पंचायत भवनों में पहले विद्युतीकरण का कार्य पूरा करा लिया जाए। प्रभारी बीडीओ ने अमृत वन के लिए ग्राम समाज की खाली पड़ी जमीनों का उपयोग करने के निर्देश दिए। इस दौरान सहायक विकास अधिकारी पंचायत, मनरेगा के अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी, ग्राम विकास अधिकारी आदि मौजूद रहे।
वन महोत्सव के शुभारंभ पर कई स्थानों पर रोपे पौध
पुवायां। एक से सात जुलाई तक मनाए जाने वाले वन महोत्सव सप्ताह के तहत शुक्रवार को विधायक चेतराम, भाजपा जिलाध्यक्ष केसी मिश्रा आदि ने गांव खजुरिया में पौध लगाए। इस दौरान विधायक ने पौध लगाने के साथ ही उनकी देखरेख पर भी बल दिया। इस दौरान रेंजर रमाकांत सक्सेना, विपिन शुक्ला, अमित सिंह, सतेंद्र वर्मा, संजय अवस्थी, विजय वर्मा सहित तमाम लोग मौजूद रहे। खुटार। गांव नरौठा में रेंजर डीएस यादव ने वन महोत्सव के तहत पौध रोप कर शुभारंभ किया। इस दौरान अशोक चतुर्वेदी, हीरालाल, अशोक वाजपेयी सहित तमाम लोग मौजूद रहे। संवाद