जैतीपुर में मकरंदपुर गांव के पास तालाब में कट रही सड़क। संवाद
- फोटो : Archive
जैतीपुर। तिलहर-दातागंज स्टेट हाईवे से निकले गढ़िया रंगीन मार्ग पर मकरंदपुर गांव के तालाब से कट चुके मार्ग पर रविवार की रात मरीज को लेने जा रही एक एंबुलेंस फंस गई। जानकारी पाकर मौके पर पहुंचे गांव वालों ने काफी मशक्कत के बाद एंबुलेंस को बाहर निकाला।
यह मार्ग गौहावर, मकरंदपुर, जगदीशपुर और गढ़िया रंगीन होते हुए हिम्मतपुर चौराहे पर फतेहगंज पूर्वी मार्ग से मिल जाता है। गढ़िया रंगीन क्षेत्र के करीब दो दर्जन से ज्यादा गांवों के लोग स्थानीय ब्लाक मुख्यालय आने के लिए इसी मार्ग का उपयोग करते हैं। करीब डेढ़ वर्ष पूर्व मार्ग का नवीनीकरण हुआ, लेकिन मकरंदपुर गांव के पास तालाब के पास से गुजरे मार्ग पर कटान रोकने के लिए कोई प्रयास नहीं किया गया।
इस कारण मकरंदपुर के पास मार्ग पगडंडी में तब्दील हो चुका है। वहां से गुजरने में भी वाहन चालकों को डर लगता है। गत वर्ष एक ट्रैक्टर सामने से आ रहे वाहन को बचाने के फेर में तालाब में चला गया था। क्षेत्र के उदयवीर सिंह, सोनू यादव, गुड्डू यादव, रघुवीर, सिंह,अंकित यादव, शैलेंद्र सिंह आदि ने तालाब के पास मार्ग ठीक कराने की मांग की है। संवाद
जैतीपुर में मकरंदपुर गांव के पास तालाब में कट रही सड़क। संवाद- फोटो : Archive