शाहजहांपुर। वाराणसी से जम्मूतवी जाने वाली 12237 बेगमपुरा एक्सप्रेस के स्लीपर कोच में मुरादाबाद चेकिंग स्टाफ के टीटीई अशोक कुमार मीणा से युवक उलझ गया। आरोप है कि युवक ने टीटीई के साथ हाथपाई और मारपीट की। उनका आईकार्ड भी तोड़ दिया। टीटीई ने युवक को बरेली जीआरपी के हवाले कर दिया।
26 मई को टीटीई अशोक कुमार मीणा लखनऊ से मुरादाबाद के बीच बेगमपुरा एक्सप्रेस में ड्यूटी पर थे। वह ट्रेन के स्लीपर कोच में यात्रियों के टिकट चेक कर रहे थे। रोजा और शाहजहांपुर के बीच कोच संख्या एस-5 व एस-6 के डाले पर युवक खड़ा मिला। उससे टिकट मांगा तो उसने जनरल टिकट होने की बात बताई।
जनरल टिकट दिखाने के लिए कहा तो वह बहस करने लगा। वह स्लीपर का टिकट बनवाने को तैयार भी नहीं हुआ। बहसबाजी के बीच बात इतनी बढ़ गई कि युवक ने टीटीई से हाथापाई करते हुए मारपीट शुरू कर दी। जिससे अशोक को चोट लग गई। उनका आईकार्ड भी टूट गया। युवक ने टूटा आईकार्ड अपने साथी को दे दिया।
टीटीई ने जीआरपी को बताया कि युवक अपना नाम चंद्र प्रकाश बता रहा था। हंगामा होने पर उसका दूसरा साथी ट्रेन धीमी होने पर शाहजहांपुर आउटर पर उतरकर भाग गया। टीटीई ने जीआरपी के स्क्वॉयड की मदद से आरोपी युवक को बरेली जीआरपी के हवाले कर दिया। अशोक मीणा ने जीआरपी थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि आरोपी चंद्र प्रकाश थाने लाते समय भी जान से मारने की धमकी के साथ गाली देता रहा। अब उनके मोबाइल पर बार-बार फैसला करने की धमकी भरी कॉल भी आ रही हैं।