तिलहर। डीएम के आदेश के बाद एसडीएम ने एनएचएआई के अधिकारियों के साथ सभी अवैध कट बंद करा दिए हैं। इस स्थान पर ओवरब्रिज बनने तक लोगों को बाइपास ओवरब्रिज से होकर ही जाना पड़ेगा।
राष्ट्रीय राजमार्ग के चौड़ीकरण के दौरान नगर के पूर्वी भक्सी तिराहे पर आवागमन के लिए अवैध कट संचालित था। हाल ही में हुए हादसे में बच्ची और महिला की मौत के बाद यहां पर ओवरब्रिज व अंडरपास की मांग की गई। डीएम धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने अधिकारियों के साथ मौके का जायजा लिया था। बृहस्पतिवार को डीएम के निर्देश पर एसडीएम डॉ. रवींद्र कुमार ने एनएचएआई के अखंड प्रताप सिंह व रामासरे पांडेय से बात की। देर शाम तक अवैध कट को बंद करवा दिया। नायब तहसीलदार मनु माथुर, प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार मौजूद रहे। वहीं, अखंड प्रताप सिंह ने बताया कि शीघ्र ही ओवरब्रिज का काम शुरू कर दिया जाएगा। उन्होंने जनवरी 2026 तक ओवरब्रिज सुचारु हो जाने की संभावना व्यक्त की है। संवाद