फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

33 केवी लाइन में फॉल्ट, सात घंटे बंद रहे ककरा उपकेंद्र के सभी फीडर

विज्ञापन
जिली के ट्रांसफार्मर ठीक करते कर्मचारी - फोटो : SHAHJAHANPUR
विज्ञापन
शाहजहांपुर। विद्युत निगम के पैना स्थित 220 केवी ट्रांसमिशन स्टेशन से निकली ककरा कलां उपकेंद्र की 33 केवी मेन इनकमिंग लाइन में सोमवार रात खराबी आ गई। इस कारण वहां के सभी पांचों फीडर मंगलवार सुबह होने तक करीब सात घंटे बंद रहे। इससे तमाम मोहल्लों और कॉलोनियों के करीब 14 हजार घरों के लोगों को भीषण गर्मी में पूरी रात बिना बिजली के काटनी पड़ी।
विज्ञापन

ककरा कलां की 33 केवी इनकमिंग लाइन पैना से चिनौर होकर सेना के चांदमारी मैदान के पश्चिम से निकाली गई है। आगे यह लाइन पूर्वोत्तर रेलवे की शहबाजनगर-किला की पुरानी लाइन के समानांतर होकर उसे एक जगह क्रॉस करके ककरा तक गई है। इसी लाइन में इससे पहले उपकेंद्र के यार्ड के पास खराबी आ चुकी है। इसलिए रात 9.10 बजे इनकमिंग लाइन में फॉल्ट होते ही सभी फीडर बंद हो गए। सबसे पहले यार्ड में लाइन की जांच की गई। ट्रांसमिशन स्टेशन से दोबारा लाइन चालू कराने पर भी ट्रिप हो गई। इस पर लाइन की पेट्रोलिंग शुरू कराई गई।
क्षेत्र के प्रभारी अवर अभियंता सत्यपाल सिंह ने बताया कि पेट्रोलिंग कराने पर पता चला कि दो जगह लाइन के तार आपस में उलझे होने के कारण टू फेसिंग की समस्या पैदा कर रहे हैं। रात होने और लाइन के किनारे पानी भरा होने के कारण कर्मचारियों को फॉल्ट ठीक करने में करीब चार घंटे लग गए। प्रभारी जेई के अनुसार इस दौरान अब्दुल्लागंज उपकेंद्र से प्रभावित क्षेत्रों को बिजली देने का प्रयास किया गया, लेकिन लाइनें ओवरलोड हो जाने से बार-बार बत्ती गुल होती रही।
विज्ञापन

ये सभी इलाके हुए प्रभावित
33 केवी लाइन में फॉल्ट से ककरा कलां, ककरा खुर्द, ईदगाह, बीबीजई, हद्दफ, सुभाषनगर, मामुड़ी, मदराखेल, लोहारों का चौराहा, आनंदपुरम, आजादपुरम, विश्वकर्मा चौक, तिलहरजई, फजीतापुर, अलीजई (आंशिक), तिलहरजई, कनौजिया तिराहा, सिंजई (आंशिक) आदि क्षेत्रों के लोगों को रात से सुबह तक बिजली संकट का सामना करना पड़ा।
250 केवी ट्रांसफार्मर के ओवरलोडिंग से जली केबल
शाहजहांपुर। ओवरलोडिंग के कारण सोमवार को मल्हार मोड़ के पास आग की लपटों से घिरकर खराब हुए 250 केवी के ट्रांसफार्मर के स्थान पर दूसरा ट्रांसफार्मर मंगलवार दोपहर बाद चालू कर दिया गया। रात में लाल इमली चौराहा के पास मंगल सिंह बग्गा वाली गली के मुहाने पर लगे 250 केवी क्षमता के दूसरे ट्रांसफार्मर की केबल जल गईं। आसपास के सैकड़ों लोगों को पूरी रात बिजली संकट से जूझना पड़ा। गोविंदगंज उपकेंद्र के प्रभारी अवर अभियंता जयंत गोस्वामी ने सुबह ट्रॉली ट्रांसफार्मर लगवाकर आसपास के क्षेत्रों को बिजली आपूर्ति दिलाई और दोपहर बाद ट्रांसफार्मर ठीक कराकर शाम 4.45 बजे से आपूर्ति सुचारू कराई। संवाद
परौर क्षेत्र में चार दिन से बिजली गुल, लोग परेशान
परौर। कलान बिजली उपकेंद्र से यहां आई 11 केवी लाइन के जर्जर तार नहीं बदले जाने से क्षेत्र के तमाम गांवों में गत चार दिन से आपूर्ति ठप है। भीषण गर्मी में लोगों को काफी परेशानी हो रही है। क्षेत्र के प्रभारी अवर अभियंता माता प्रसाद से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उन्होंने मोबाइल कॉल रिसीव नहीं की। परौर निवासी श्याम कुमार उर्फ श्यामू, जसवीर सिंह गुर्जर, मोहनपुर निवासी जयसिंह यादव, मंझा निवासी सोनपाल सिंह आदि का कहना है कि 24 घंटे में बिजली आपूर्ति बहाल नहीं होने पर वह ट्रैक्टर-ट्रॉलियां लेकर कलान विद्युत उपकेंद्र पर प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे। संवाद
भाजपा नेता की जेई से हुई नोकझोंक
शाहजहांपुर। ककरा उपकेंद्र की लाइन में फॉल्ट के दौरान आनंदपुरम कॉलोनी से कुछ युवक उपकेंद्र पर जा धमके और खुद को भाजपा कार्यकर्ता बताते हुए हंगामा करने लगे। वहां मौजूद प्रभारी अवर अभियंता सत्यपाल सिंह ने फॉल्ट ठीक कराने के लिए टीम को साथ लेकर निकलना चाहा, लेकिन युवकों ने उनका रास्ता रोक लिया। रात करीब सवा 12 बजे हुई इस घटना के बारे में प्रभारी जेई ने सदर बाजार पुलिस को सूचना दी। पुलिस के पहुंचने तक युवकों ने कॉलोनी निवासी एक भाजपा नेता को बुला लिया। उनसे भी जेई की नोकझोंक हुई, लेकिन बाद में पुलिस ने युवकों को शांत कर कर्मचारियों को लाइन ठीक करने के लिए भेजा। जेई के अनुसार बेवजह का हंगामा नहीं होता तो लाइन दो घंटे पहले ही ठीक हो जाती। संवाद
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें