संवाद न्यूज एजेंसी
शाहजहांपुर। नागरिक सुरक्षा माॅक ड्रिल का बुधवार शाम मिला-जुला असर देखने को मिला। 7:59 बजते ही ओसीएफ का सायरन सुनकर कुछ लोगों ने घरों और प्रतिष्ठानों की बत्तियां बंद कर दीं। हालांकि, सड़कों पर लोग हेड लाइट जलाकर वाहन चलाते हुए नजर आए।
मॉक ड्रिल के लिए प्रशासन ने पहले से तैयारियां कर ली थीं। डीएम धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने सभी क्षेत्राधिकारियों, एसडीएम के साथ दोपहर में बैठक की थी। डीएम ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा था कि वे अपने घरों में बिजली बंद कर दें और खिड़की और दरवाजे बंद कर लें। इस दौरान किसी भी प्रकार की गतिविधि न करें।
तय समय पर सायरन बज गया। कुछ लोगों ने अपने घरों की लाइट तो बंद कर दीं, लेकिन सड़कों पर लगीं स्ट्रीट लाइटें खुली रहीं। कुछ लोगों ने अपने वाहन सड़क किनारे खड़े कर लिए। रात 8:10 बजे लोगों ने लाइट खोली। 10 मिनट का समय कौतूहल का विषय रहा। बच्चे घरों में दुबक गए।
महिलाएं भी घर में काम छोड़कर बैठ गईं, लेकिन कुछ लोग इसका मजा बाइकों से घूमकर लेते हुए दिखाई दिए।
इस दौरान एसपी राजेश द्विवेदी, एसपी देहात भावरे दीक्षा अरुण, सीओ सिटी पंकज पंत समेत अन्य अधिकारी ने सड़कों पर पैदल भ्रमण करके जायजा लिया। लोगों से माॅकड्रिल के दाैरान घरों में रहने की अपील की।