फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

एआईएमआईएम के नौशाद समेत नौ निर्दलियों ने वापस लिए उम्मीदवारी के पर्चे

विज्ञापन
विज्ञापन
शाहजहांपुर। विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2022 के तहत जिन प्रत्याशियों ने नामांकन कराया, उनके नाम निर्देशन पत्रों की जांच के बाद सोमवार को उन्हें नाम वापस लेने का मौका दिया गया। इस दौरान शहर सीट से ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिममीन (एआईएमआईएम) पार्टी से पर्चा भरने वाले नौशाद कुरैशी व निर्दलीय श्रीपाल समेत अन्य पांच विधानसभा क्षेत्रों से कुल नौ प्रत्याशियों ने उम्मीदवारी के पर्चे वापस ले लिये। अब चुनावी जंग में 73 प्रत्याशी शेष बचे हैं, जिन्हें दोपहर बाद कलक्ट्रेट के नामांकन कक्षों में चुनाव चिन्ह जारी कर दिए गए।
विज्ञापन

बता देें कि जिले की सभी छह विधानसभा सीटों के लिए गत 21 से 28 जनवरी तक विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों, पंजीकृत पार्टियों एवं संगठनों और निर्दलीय श्रेणी के 112 उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र भरकर जमा किए थे। बीते शनिवार को नामांकन पत्रों की जांच की गई। इस दौरान कई तरह की कमियां पाए जाने पर 30 उम्मीदवारों के नामांकन पत्र निरस्त कर दिए गए। शेष बचे 82 प्रत्याशियों को आज सुबह दस बजे से अपरान्ह तीन बजे तक अपने नाम वापस लेने का मौका दिया गया।
इस कारण कलक्ट्रेट में सुबह से माहौल काफी चहल-पहल वाला रहा। सुबह से नाम वापस लेने वालों के साथ चुनाव चिन्ह लेने की गरज से भी अन्य तमाम प्रत्याशी अपने प्रस्तावकों के साथ वहां पहुंचने लगे। जिन लोगों ने उम्मीदवारी के पर्चे वापस लिए, उनमें शहर विधानसभा क्षेत्र के दोनों निर्दलीय प्रत्याशियों समेत कटरा विधानसभा क्षेत्र से सपा प्रत्याशी एवं पूर्व विधायक राजेश यादव के भाई एमएलसी अमित यादव और भाजपा के टिकट से चुनाव लड़ रहे विधायक वीर विक्रम सिंह के पिता पूर्व विधायक वीरेंद्र प्रताप सिंह मुन्ना, ददरौल से विकास पाठक व सत्यपाल, तिलहर से आशुतोष व रवींद्र कुमार और पुवायां विधानसभा क्षेत्र से सपा प्रत्याशी उपेंद्र पाल सिंह की पत्नी पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष नीतू सिंह शामिल रहीं।
विज्ञापन

खास यह रहा कि जलालाबाद विधानसभा क्षेत्र से किसी प्रत्याशी ने नाम वापस नहीं लिया। नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के साथ कटरा विधानसभा क्षेत्र में 11, ददरौल में 14, जलालाबाद में आठ, तिलहर में 14, शाहजहांपुर शहर में 15 और पुवायां विधानसभा क्षेत्र में 11 प्रत्याशी चुनाव मैदान में शेष बचे हैं। चुनाव चिन्ह लेने आए इन प्रत्याशियों को उनके विधानसभा क्षेत्रों से संबंधित रिटर्निंग अधिकारियों ने टोकन पर्चियां दोपहर में जारी कर दीं। दोपहर तीन बजे के बाद इन्हीं पर्चियों के आधार पर निर्दलीय उम्मीदवारों को उनके दिए गए वरीयता क्रम के अनुसार भारत निर्वाचन आयोग से अनुमन्य चुनाव चिन्ह जारी कर दिए गए।
00000000000000000000000000
एक ईवीएम से सभी जगह हो सकेगा मतदान
शाहजहांपुर। प्रत्याशियों की नाम वापसी के बाद प्रशासन को इस बात से काफी राहत मिली कि किसी भी विधानसभा क्षेत्र में इतने प्रत्याशी नहीं बचे कि उनके लिए मतदान केंद्रों पर इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) की बैलेट यूनिट की दोहरी व्यवस्था करनी पड़े। एसडीएम सदर एवं ददरौल विधानसभा क्षेत्र के रिटर्निंग अधिकारी दशरथ कुमार के अनुसार ईवीएम की बैलेट यूनिट पर मतदान के लिए नोटा समेत कुल 16 बटन होते हैं। इसलिए 15 से अधिक प्रत्याशी होने पर मतदान केंद्रों पर दोहरी बैलेट यूनिट की व्यवस्था करनी होती है। जनपद में अधिकतम 15 प्रत्याशी केवल शाहजहांपुर शहर विधानसभा क्षेत्र में हैं। इसलिए सभी जगह एक ही बैलेट यूनिट से मतदान संभव हो सकेगा। हालांकि, आपात स्थिति के लिए सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट और थानाध्यक्षों को अतिरिक्त ईवीएम उपलब्ध कराई जाएंगी।
नौशाद कुरैशी ने असहयोग का लगाया आरोप
नगर विधानसभा से ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिममीन (एआईएमआईएम) पार्टी से नामांकन करने वाले नौशाद कुरैशी चुनाव नहीं लड़ेंगे। सोमवार को उन्होंने अपना नामांकन वापस ले लिया। नौशाद कुरैशी ने बताया कि उनकी पार्टी के पदाधिकारी चुनाव में उनकी मदद नहीं कर रहे हैं। वे दूसरे प्रत्याशियों को चुनाव में मदद कर रहे हैं। यही कारण है कि वह अब एआईएमआईएम से चुनाव नहीं लड़ेंगे। उन्होंने पार्टी की सदस्यता से भी इस्तीफा दे दिया है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें