तिलहर में मंडी गेट पर किसानों के धान न तौले जाने के विरोध में धरने पर बैठे सपाई।
- फोटो : SHAHJAHANPUR
तिलहर। किसानों की समस्याओं को लेकर सपा नेताओं ने मंगलवार को धान क्रय केंद्रों पर जमकर हंगामा किया और धरना देकर भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इसके बाद राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन दिया।
मंगलवार को सपा नेता सुखवीर सिंह चौहान और सौरभ सिंह गांधी के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ता मंडी समिति पहुंचे। वहां उनहोंने किसानों से बातचीत की और किसानों का धान न तौले जाने पर केंद्रों पर नाराजगी जताई। सौरभ सिंह गांधी ने कहा कि बारिश से तबाह किसान का बचा धान भी केंद्रों पर नहीं खरीदा जा रहा। युवा नेता सौरभ गुप्ता रवि ने कहा कि किसानों को 50 हजार रुपये प्रति एकड़ की दर से मुआवजा दिया जाए और मंडी में किसानों के ठहरने एवं उनके खाने-पीने की व्यवस्था की जाए। सपा नगर महासचिव रवि यादव ने महंगाई से राहत देने की मांग की। मंडी कार्यालय गेट पर पार्टी कार्यकर्ताओं के हंगामे और धरने की सूचना पर एसडीएम सुरेंद्र सिंह, सीओ परमानंद पांडे और थाना प्रभारी रविंद्र सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से ज्ञापन लेकर उन्हें समझा बुझाकर शांत किया। इस दौरान लड्डन अंसारी, मोहम्मद राशिद, लालबाबू,रवि यादव, उस्मान खां, तारिक हुसैन, विजेंद्र यादव, हरिमोहन गुप्ता, सुखदेव सिंह, विवेक यादव, रमन पाल सिंह, सोनू त्यागी, अमित यादव, अमित कश्यप, फैजान, शिवम शर्मा, मोवीन, नितिन यादव आदि मौजूद रहे।